प्रदेश सरकार को चैन से नहीं रहने देंगे: धस्माना

देहरादून। कांग्रेस ने प्रदेश सरकार पर जनविरोधी होने का आरोप लगाते हुए सियासी हमला बोला। प्रदेश कांग्रेस उपाध्यक्ष सूर्यकांत धस्माना ने कहा कि सरकार के खिलाफ पूरे प्रदेश में महंगाई, किसानों की कर्ज माफी, गन्ने का भुगतान व जीएसटी तथा नोट बंदी का असर को लेकर आंदोलन किया जाएगा।
पत्रकारों से बातचीत में उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार ने विकास कार्यों को ठप कर दिया है। साथ ही सरकार जनता को गुमराह कर रही है। उन्होंने सरकार से अब तक हुए जनता दरबार में आई शिकायत और उसके निस्तारण को लेकर श्वेत पत्र जारी करने की मांग की। कांग्रेस प्रदेश उपाध्यक्ष ने कहा कि सरकार की जनविरोधी नीतियों के खिलाफ कांग्रेस अब आंदोलन करेगी। इसकी शुरूआत 29 जनवरी को देहरादून में साइकल रैली से होगी। इसके बाद जिलास्तर पर धरने व प्रदर्शन के कार्यक्रम होंगे। फरवरी अंत मे बड़ा कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा।