मनाली को बनाएंगे आदर्श विधानसभा क्षेत्र: गोविंद सिंह

वन मंत्री ने लैफ्ट बैंक की कई पंचायतों का किया दौरा
सरसेई के भाजपाईयों ने मुख्यमंत्री राहत कोष के लिए दिए 11000

परी वर्मा, कुल्लू, 18 जनवरी। वन, परिवहन, युवा सेवाएं और खेल मंत्री गोविंद सिंह ठाकुर ने कहा है कि मनाली को एक आदर्श विधानसभा क्षेत्र के रूप में विकसित किया जाएगा तथा इसके हर गांव का समग्र व चहुमुखी विकास सुनिश्चित किया जाएगा। वीरवार को लैफ्ट बैंक की विभिन्न ग्राम पंचायतों के दौरे के दौरान सरसेई, नग्गर और अन्य गांवों में जनसभाओं को संबोधित करते हुए गोविंद सिंह ठाकुर ने बताया कि प्रदेश का समग्र विकास और समाज के कमजोर वर्गों का उत्थान राज्य सरकार की प्राथमिकता है।
वन मंत्री ने कहा कि राइट बैंक की तर्ज पर लैफ्ट बैंक की मुख्य सड़क का भी सुदृढ़ीकरण किया जाएगा। नग्गर और इसके आस-पास के क्षेत्रों को पर्यटन की दृष्टि से विकसित किया जाएगा। इसके लिए स्थानीय लोगों से बहुमूल्य सुझाव लिए जाएंगे तथा इन्हीं सुझावों के अनुसार क्षेत्र में पर्यटन उद्योग का विस्तार किया जाएगा। इससे क्षेत्र के युवाओं को घरद्वार पर ही स्वरोजगार के अवसर उपलब्ध होंगे। गोविंद सिंह ने कहा कि प्रदेश सरकार वन माफिया और ड्रग माफिया को पूरी तरह खत्म करने के लिए कड़े कदम उठाएगी। इसमें आम जनता का सहयोग भी लिया जाएगा। उन्होंने कहा कि वन माफिया और ड्रग माफिया के खिलाफ स्थानीय निवासी खुलकर सामने आएं। इस अवसर पर भाजपा शक्ति केंद्र सरसेई के कार्यकर्ताओं ने मुख्यमंत्री राहत कोष के लिए ग्यारह हजार रुपये का चैक वन मंत्री को सौंपा। सरसेई की जनसभा में ग्राम पंचायत हलाण-प्रथम के प्रधान फतेह चंद ठाकुर और नग्गर में स्थानीय पंचायत प्रधान सुषमा शर्मा ने वन मंत्री का स्वागत किया तथा क्षेत्र की विभिन्न मांगें उनके समक्ष रखीं। इसके बाद वन मंत्री ने लरांकेलो, घुड़दौड़, अरछंडी, सेउबाग व अन्य गांवों का भी दौरा किया और विधानसभा चुनाव में समर्थन के लिए मतदाताओं का आभार व्यक्त किया। क्षेत्रवासियों ने जगह-जगह उनका भव्य स्वागत किया। गोविंद सिंह ठाकुर ने कहा कि मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने उन्हें प्रदेश सरकार में तीन महत्वपूर्ण विभागों की जिम्मेदारी सौंपकर मनाली विधानसभा क्षेत्र की जनता को अधिमान दिया है। कैबिनेट मंत्री के रूप में वह मनाली विस क्षेत्र सहित पूरे प्रदेश के चहुमुखी विकास के लिए भरपूर मेहनत करेंगे। इस मौके पर जिला परिषद सदस्य धनेश्वरी ठाकुर, सीता देवी, राज्य महिला आयोग की सदस्य मंजरी नेगी, बीडीसी अध्यक्ष अनीता ठाकुर, एसडीएम रमन घरसंगी, जिला भाजपा महामंत्री बालमुकुंद राणा, मंडल अध्यक्ष दुर्गा सिंह, महामंत्री ठाकुर दास, बोधराज, अन्य पदाधिकारी, विभिन्न विभागों के अधिकारी तथा अन्य गणमान्य लोग भी उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *