स्कार्पियो गिरी खाई में, तीन लोगों की मौत

रुद्रप्रयाग। रुद्रप्रयाग-चोपड़ा-गढीधार मोटरमार्ग पर शुक्रवार देर रात एक स्कार्पियो वाहन दुर्घटनाग्रस्त होकर गहरी खाई में जा गिरा। वाहन में सवार तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गये। घायलों का उपचार जिला चिकित्सालय में चल रहा है। मृतकों के शवों का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया।
जानकारी के अनुसार चोपड़ा-गढीधार मोटरमार्ग पर छहडुंगा के निकट शुक्रवार रात करीब 11 बजे के लगभग एक स्कार्पियो कार सडक़ से लगभग छह सौ मीटर गहरी खाई में जा गिरी। वाहन में सवार लोग चोपड़ा-गढ़ीधार मोटरमार्ग पर चले रहे निर्माण कार्य में लगे हुये थे। रात के समय वाहन को सडक़ किनारे ढलान वाली जगह पर पार्क किया गया था और वाहन में छ: लोग सोये हुए थे। इस बीच अचानक वाहन गहरी खाई में जा गिरा। वाहन में सवार तीन लोग अलग छटक गये और तीन लोग वाहन में ही फंसे रहे, जिनकी मौके पर ही मौत हो गई। एक घायल का जब होश आया तो उसने घटना की सूचना अन्य ग्रामीणों और पुलिस को दी। सूचना मिलने पर प्रात: पांच बजे पुलिस की टीम घटना स्थल पर पहुंची और घायलों के साथ ही मृतकों को खाई से बाहर निकाला। वाहन में सवार चालक शिवम चौधरी (22) पुत्र सजेन्द्र कुमार निवासी अटूड नगला गाजियाबाद, विमल प्रसाद पुत्र (20) स्वर्गीय मोनाराम निवासी मेहर तल्ला काण्डई और सौरभ प्रसाद (22) पुत्र पूरन सिंह निवासी मेहर मल्ला काण्डई की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि अमन प्रसाद (16) पुत्र नरेश प्रसाद, अंशुल नेगी (28) पुत्र पूरन सिंह और आशीष (17) पुत्र गजेन्द्र सिंह गंभीर रूप से घायल हो गये। सभी घायल महेर तल्ला काण्डई के निवासी हैं। कोतवाल निरीक्षक कुंवर सिंह बिष्ट ने बताया कि घटना की सूचना प्रात: पांच बजे मिली। सूचना मिलने पर पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और ग्रामीणों के साथ मिलकर रेस्क्यू अभियान चलाया। बताया कि ग्रामीणों के अनुसार वाहन मोटरमार्ग पर खड़ा था और वाहन के अंदर छह लोग सोये हुए थे। अचानक यह हादसा हो गया। वहीं शुक्रवार शाम करीब छ: बजे ऊखीमठ-मनसूना मोटर मार्ग पर अंधेरीगढ़ी के समीप मक्कू गांव निवासी अनुज लाल (23) की अचानक चट्टान से गिरकर मौत हो गई। सूचना मिलने पर मय फोर्स एसआई सुरेंद्र गैरोला मौके पर पहुंचे। मृतक सडक़ से करीब तीन सौ मीटर नीचे खाई में गिरा था। रेस्क्यू करके शव को निकाला गया। उन्होंने बताया कि युवक खाई में कैसे गिरा, इस बारे में कोई जानकारी नहीं मिल पाई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *