आंध्र प्रदेश में टिपर के ऑटो से टकराने से छह लोगों की मौत

अमरावती। आंध्र प्रदेश के पूर्वी गोदावरी जिले के मोडेकुर्रू में आज तड़के एक तेज रफ्तार टिपर के एक ऑटो से टकरा जाने से छह महिलाओं की मौत हो गयी और छह अन्य घायल हो गये। पुलिस ने बताया कि यह हादसा उस समय हुआ जब अलवरम गांव से महिलाएं वडपल्ली में स्थित भगवान वेंकेटेश्वर मंदिर की ओर जा रहीं थी। उन्होंने बताया कि ऑटो में सवार पांच लोगों की घटनास्थल पर ही मौत हो गयी जबकि एक अन्य ने अस्पताल ले जाते समय रास्ते में दम तोड़ दिया। घायलों में से एक को काकीनाड़ा में एक सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। मुख्यमंत्री चंद्रबाबू नायडू ने दुर्घटना पर गहरा दुख व्यक्त किया और विस्तृत जांच के आदेश दिए हैं। उन्होंने अधिकारियों को दुर्घटना की रिपोर्ट उन्हें पेश करने को कहा है। उप मुख्यमंत्री (गृह) एन चिना राजप्पा मोडेकुर्रू में दुर्घटनास्थल पर पहुंचे और बाद में वह अस्पताल में भर्ती घायल का हालचाल लेने के लिए भी गये। राज्य के स्वास्थ्य मंत्री के. श्रीनिवास ने भी पूर्वी गोदावरी में जिला स्वास्थ्य अधिकारियों से बातचीत की। पुलिस ने टिपर चालक को हिरासत में ले कर जांच शुरू कर दी है।