एशियन स्कूल फुटबाल में दम दिखाएंगे शिवम व जीशान

देहरादून। उत्तराखंड के दो युवा फुटबॉलर शिवम थापा व जीशान अंसारी एशियन स्कूल बालक अंडर-18 फुटबॉल चैंपियनशिप में दमखम दिखाएंगे। स्कूल गेम्स फेडरेशन ऑफ इंडिया (एसजीएफआइ) की राष्ट्रीय स्कूली फुटबॉल टीम में दोनों का चयन किया गया है। चैंपियनशिप से पहले शिवम व जीशान 24 अगस्त से पांच सितंबर तक आयोजित हो रहे एसजीएफआइ नेशनल फुटबॉल कैंप में प्रशिक्षण लेंगे।

देहरादून के चंद्रबनी क्षेत्र निवासी शिवम थापा महाराणा प्रताप स्पोर्टस कॉलेज देहरादून के दसवीं कक्षा के छात्र हैं। वहीं, हल्द्वानी निवासी जीशान अंसारी महात्मा गांधी इंटर कॉलेज हल्द्वानी, नैनीताल के छात्र हैं।

शिवम ने 2013 में स्पोर्टस कॉलेज में प्रवेश किया। वह एसजीएफआइ नेशनल फुटबॉल, फेडरेशन कप व सुब्रतो मुखर्जी नेशनल फुटबॉल टूर्नामेंट में सूबे का प्रतिनिधित्व कर चुके हैं।

2016 में हुए 62वीं एसजीएफआइ नेशनल स्कूल फुटबॉल में शिवम व जीशान ने शानदार प्रदर्शन किया था। इसी के आधार पर दोनों का चयन टीम में किया गया है। राज्य खेल समन्वयक शिक्षा सीके नौटियाल ने बताया कि सिराज, ईरान में छह से 16 सितंबर तक एशियन स्कूल बालक अंडर-18 फुटबॉल चैंपियनशिप का आयोजन होना है। इससे पहले दोनों खिलाड़ी साई चौधरी देवीलाल रीजनल सेंटर सोनीपत, हरियाणा में आयोजित हो रहे प्रशिक्षण कैंप में शामिल होंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *