कौन है आई ए एस बी चंद्रकला और क्यों है वह खबरों में आजकल? जानिए खबर।

शनिवार सुबह जब सीबीआई(CBI) द्वारा यूपी में अवैध बालू खनन के मामले में छापेमारी की खबर आई तो लोग इसे सीबीआई की रुटीन कार्रवाई मान रहे थे. पर जैसे ही लोगों को पता चला कि छापेमारी यूपी की चर्चित आईएएस अधिकारी बी चंद्रकला के ठिकानों पर की जा रही है तो अचानक ही इस छापेमारी में लोगों की दिलचस्पी बढ़ गई. बी चंद्रकला सोशल मीडिया पर दमदार मौजूदगी दर्ज कराने वाली आईएसएस अधिकारी हैं. सोशल मीडिया पर फैन फॉलोइंग के मामले में वह देश के चोटी के नेताओं को मात देती हैं. वे अक्सर ही अपनी गतिविधियों को लेकर चर्चा में रहती हैं.आईएएस बी चंद्रकला यूपी कैडर की 2008 बैच की अधिकारी हैं. वह मूल रूप से तेलंगाना की रहने वाली हैं. बुलंदशहर में डीएम रहते हुए उन्हें मीडिया में काफी कवरेज मिली.बता दें कि केंद्रीय जांच ब्यूरो ने अवैध बालू खनन की जांच के संबंध में शनिवार को आईएएस अधिकारी बी. चंद्रकला के आवास सहित दिल्ली और उत्तर प्रदेश में 12 ठिकानों पर छापेमारी की. सीबीआई के एक अधिकारी ने आईएएनएस को बताया, “हमारी कई टीमें दिल्ली और लखनऊ, कानपुर और हमीरपुर (उत्तर प्रदेश में) में 12 जगहों पर तलाशी ले रही हैं.” अधिकारी ने कहा कि जिन घरों की तलाशी ली गई उसमें लखनऊ के हुसैनगंज इलाके में स्थित सैफायर अपार्टमेंट में चंद्रकला का घर भी शामिल है. उत्तर प्रदेश में अवैध बालू खनन मामले की जांच के लिए इलाहाबाद उच्च न्यायालय के निर्देश पर सीबीआई ने यह मामला अपने हाथ में लिया है. चंद्रकला उत्तर प्रदेश के कई जिलों में जिला अधिकारी के रूप में सेवा दे चुकी हैं.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *