गगन और अरिजीत कलाकारों की सड़क दुर्घटना में मौत

मुंबई। टीवी शो ‘महाकाली- अंत ही आरंभ है’ में देवराज इंद्र की भूमिका निभाने वाले कलाकार गगन कांग और नंदी का किरदार निभाने वाले एक्टर अरिजीत लवानिया का सड़क दुर्घटना में निधन हो गया। दोनों कलाकार उमरगांव में लगे सेट से शूटिंग करके मुंबई लौट रहे थे।

बताया जाता है कि कार गगन ड्राइव कर रहे थे। मुंबई-अहमदाबाद हाईवे पर पालघर मनोर कस्बे के पास गगन नियंत्रण खो बैठे और कार सड़क किनारे खड़े कंटेनर से भिड़ गयी। दोनों एक्टर्स के अलावा गगन का सहायक भी कार में मौजूद था। बताया जाता है कि तीनों की मौक़े पर ही मौत हो गयी। जानकारी के मुताबिक़, गगन और अरिजीत दो दिन से लगातार शूटिंग कर रहे थे और आज सुबह ही पैक अप करके घर के लिए निकले थे। कुछ मीडिया रिपोर्ट्स में पुलिस के हवाले से बताया गया है कि कार में बीयर की बोतलें और स्नैक्स के पैकेट मिले हैं। लिहाज़ा ये ड्रंकन ड्राइविंग का केस भी हो सकता है। कार के इंडिकेटर्स से पता चला है कि तय रफ़्तार से तेज़ चलायी जा रही थी।

दोनों कलाकारों के दुखद निधन से टीवी जगत में शोक की लहर छा गयी है। दोनों के साथी कलाकार और दोस्त इस हादसे से सदमे में हैं। बताते चलें कि इस वक़्त फेडरेशन ऑफ़ वेस्टर्न इंडिया सिने एंप्लाइज़ की हड़ताल भी चल रही है, जिससे कई टीवी शोज़ की शूटिंग प्रभावित हुई है। हालांकि कुछ शोज़ के चोरी-छिपे शूटिंग करने की ख़बरें भी हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *