चार धाम यात्रा प्रारंभ करने को लेकर प्रदेश सरकार जल्दबाजी के पक्ष में नहीं, केंद्र सरकार की गाइडलाइन का इंतजार
मुख्यमंत्री ने मीडिया से अनौपचारिक बातचीत में चार धाम यात्रा जल्द शुरू करने के कयासों पर फिलहाल विराम लगा दिया। मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत ने कहा कि यात्रा के बारे में कोई भी फैसला पुरोहित समाज और व्यापारी समाज से बातचीत के बाद लिया जाएगा।प्रदेश में कोरोना संक्रमण के मामले बढ़ने के बाद चार धाम यात्रा को इस लिहाज से और संवेदनशील माना जा रहा है। इसे देखते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि यात्रा को कैसे सुरक्षित किया जा सकता है, इस बारे में अधिकारी कार्य कर रहे हैं।

बैठक में तय किया गया कि यात्रा के बारे में आठ जून के बाद के हालात के मद्देनजर केंद्र सरकार की ओर से जारी की जाने वाली गाइडलाइन का इंतजार किया जाएगा।
बैठक में मुख्य सचिव ने भविष्य में चार धाम यात्रा शुरू होने के मद्देनजर सड़कों के निर्माण कार्यों को दुरुस्त करने के निर्देश भी दिए। यात्रा मार्गों पर जरूरी सुविधाओं के बंदोबस्त को लेकर भी विचार-विमर्श हुआ।