बच्ची के यौन उत्पीड़न के आरोप में प्रधानाध्यापक गिरफ्तार

कराईकल। जिले के एक निजी स्कूल के 42 वर्षीय प्रधानाध्यापक को किंडरगार्डन की एक छात्रा का यौन उत्पीड़न करने के आरोप में गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने आज इसकी जानकारी दी। उन्होंने बताया कि पांच साल की इस बच्ची के माता-पिता से मिली शिकायत के आधार पर सेतुर गांव के एक स्कूल के पकिरिसामी को सोमवार रात गिरफ्तार किया गया। बच्ची 18 अगस्त की शाम स्कूल से अस्वस्थ्य अवस्था में लौटी। माता-पिता के पूछने पर उसने बताया कि शिक्षक ने उसके साथ क्या किया।

 अभिभावकों ने अगले दिन स्कूल प्रबंधन से इसकी शिकायत की। सूचनाओं के मुताबिक स्कूल प्रबंधन ने शिक्षक के खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं की, जिसके बाद माता-पिता ने पुलिस में शिकायत दर्ज करायी। पुलिस ने प्राथमिक जांच के बाद पकिरिसामी को गिरफ्तार कर लिया है। इस घटना में स्कूल प्रशासक के शामिल होने का आरोप लगाते हुए अभिभावकों तथा गांव के अन्य लोगों ने उसकी गिरफ्तारी की मांग को लेकर सोमवार रात सड़क जाम किया। उत्तरी कराईकल के पुलिस अधीक्षक मरीमुतु और अन्य अधिकारियों ने प्रदर्शन कर रहे लोगों के साथ बातचीत की और उन्हें समुचित कार्रवाई का आश्वासन दिया। इसके बाद भीड़ वहां से छट गयी। पुलिस का कहना है कि मामले में आगे की जांच जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *