रेलवे में नौकरियों के लिए छात्रों का प्रदर्शन, थमा मुंबई रेलवे का सफर

मुंबई। मुंबई के छत्रपति शिवाजी टर्मिनस और माटुंगा रेलवे स्टेशन के बीच छात्रों ने प्रदर्शन करते हुए पटरियों पर कब्जा जमा लिया है। रेलवे में नौकरी की मांग को लेकर ये छात्र सुबह-सुबह पटरियों में जाकर बैठ गए, जिसकी वजह से मुंबई लोकल का सफर करने वाले यात्रियों को काफी असुविधा हो रही है। यहां की लोकल की रफ्तार इस प्रदर्शन के बाद से थम गई है या यूं कहें की लोकल का सफर करने वालों की जिंदगी में भी आज जाम लग गया है।
छात्रों को पटरियों से हटाने के लिए मौके पर पुलिस पहुंच गई है। पुलिस ने इन्हें हटाने के लिए लाठीचार्ज किया जिसके जवाब में छात्रों ने ट्रेनों में पत्थर फेंका। बता दें कि प्रदर्शन कर रहे छात्रों की मांग है कि इन्हें रेलवे में सरकारी नौकरी दी जाए। इन लोगों ने हालही में रेलवे अप्रेंटिस परीक्षा दी थी और यह लोग चाहते है कि परीक्षा में से 20 पर्सेंट अपर लिमिट को हटाया जाए और इनकी मांग है कि सिर्फ उन्हीं लोगों की भर्ती हो जिन्होंने इस परीक्षा को पास किया है। मिली जानकारी के मुताबिक ये अप्रेंटिस स्टूडेंट सालों तक काम कर चुके हैं लेकिन इन्हें नौकरी नहीं मिल पा रही है।