स्कूटी के साथ युवक गिरफ्तार

देहरादून। पटेलनगर पुलिस ने रविवार को एक वाहन चोर को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से आठ स्कूटी बरामद की हैं। आरोपी पर वाहन चोरी के आठ मुकदमे दर्ज हैं। इंस्पेक्टर पटेलनगर रितेश शाह ने बताया कि आरोपी की पहचान आकाश भल्ला (21) पुत्र हंसराज भल्ला निवासी पार्क रोड वर्मा क्वार्टर पटेलनगर के रूप में हुई है। आकाश नशे का आदी है। आकाश ने इंटर पास करने के बाद रेडीमेड कपड़े की दुकान खोल ली थी, लेकिन कमाई न होने पर वह वाहन चोरी करने लगा। पुलिस के मुताबिक रविवार सुबह चमन विहार गेट के पास वाहन चेकिंग के दौरान सफेद रंग की स्कूटी से गुजर रहे आकाश को पकडक़र सख्ती से पूछताछ की गई तो उसने बताया कि पूर्व में भी उसने कई स्कूटी चोरी की हैं। आकाश की निशानदेही पर चमन विहार मैदान की झाडिय़ों में छिपाकर रखी गई सात स्कूटी बरामद की गई। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। पूछताछ में आकाश ने बताया कि वह अकेले ही वाहन चोरी कर उन्हें बेचता था। उसने बताया कि गैंग बनाकर चोरी करने से पकड़े जाने का खतरा होता है, लिहाजा वह अकेले ही घर से हेलमेट लेकर निकलता और जहां भी मौका मिलता स्कूटी या बाइक लेकर फरार हो जाता।