सोयल के बधारी गांव में 3 मंजिला मकान जलकर राख
कमलेश वर्मा(परी)
कुल्लू ,13 दिसंबर। ज़िला कुल्लू के आनी उपमंडल के निरमंड खंड की ग्राम पंचायत चायल के गांव बधारी में एक मकान व गऊशाला में अचानक आग लग गई। आग के कारण 3 मंजिला मकान पूरी तरह जलकर राख हो गया। जबकि पशुशाला भी भयंकर आग की चपेट में आ गई। स्थानीय ग्राम पंचायत चायल के प्रधान जगदीश चंद ने बताया कि आग टिकम राम के 3 मंजिला मकान में लगी। जोकि लकड़ी का बना हुआ था। आग के कारण घर का सारा सामान जलकर राख हो गया।
हालांकि गांववासियों ने आग पर काबू पाने की कोशिश की। लेकिन उनके प्रयास भी काम नहीं आए और देखते ही देखते पूरा मकान आग की भेंट चढ़ गया। इस घटना में पड़ोसी मान सिंह और गुरदयाल की गऊशाला भी आग की भेंट चढ़ गई। लेकिन लोगों ने समय रहते पालतू पशु को बचा लिया है। वहीं तहसीलदार निरमंड नीरजा शर्मा ने कहा कि ग्राम पंचायत चायल के बधारी गांव में 1 मकान व 1 गऊशाला जली है जिसकी पूरी रिपोर्ट पटवारी को तैयार करने के आदेश दे दिए गए हैं। पूरे नुक्सान की रिपोर्ट उपायुक्त कुल्लू को भेजी जाएगी। अग्निकांड से प्रभावित परिवारों को प्रशासन की ओर से पूरी सहायता दी जाएगी।