मनाली के शूरू गांव में 9 साल के बच्चे ने किया सुसाइड
-परिवार ने बच्चे की मोबाइल मांगने की जिद्द नहीं की पूरी तो बच्चे ने लगा ली फांसी
कमलेश वर्मा(परी)
कुल्लू, 05 दिसंबर। पर्यटन नगरी मनाली में एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है जहां पर एक 9साल के बच्चे ने फोन न मिलने पर सुसाइड कर दिया है। मनाली के शूरू गांव में गमगीन कर देने वाले इस मामले में महज 9 साल के बच्चे ने इसलिए फांसी लगा ली, क्योंकि उसके घऱवालों ने उसकी मोबाइल मांगने की जिद्द पूरी नहीं की। बहरहाल, मामला सोमवार रात का है , जब नौ वर्षीय विश्वास ठाकुर अपने परिजनों से मोबाइल मांगने की जिद्द कर रहा था। परिजनों ने पहले उसे पहले पढ़ाई करने को कहा और फिर मोबाइल देने की बात की, जिसके बाद बुरी तरह से झल्लाए विश्वास ने अपने कमरे में जाकर फांसी का फंदा लगा लिया। उधर, डीएसपी मनाली पुनीत रघु ने इस मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और बच्चे के शव को कब्जे में ले लिया है, जिसे पोस्टमार्टम के लिए मनाली अस्पताल पहुंचाया गया है। जहां पोस्टमार्टम की प्रक्रिया शुरू कर दी है। पुलिस ने मामला दर्ज कर इसकी छानबीन शुरू कर दी है। उन्होंने बताया कि प्राथमिक जांच में पाया गया है कि बच्चा परिजनों से मोबाइल मांगने की जिद कर रहा था और परिजनों ने उसे डांटकर पढ़ाई करने के लिए कहा था, लेकिन बच्चे ने संयम खोकर यह कदम उठाया है। उन्होंने बताया कि पुलिस घटना के हर पहलुओं को जोडक़र देख रही है।