आनी के कराना में कार दुर्घटनाग्रस्त,एक व्यक्ति घायल
-सडक़ से नीचे लुढक़ी कार, गंभीर हालत में रातभर खाई में पड़ा रहा युवक
कमलेश वर्मा(परी)
कुल्लू, 01 दिसंबर। जि़ला कुल्लू के उपमंडल आनी के कराना गांव में एक कार दुर्घटनाग्रस्त हो गई, इस दुर्घटना में एक युवक गम्भीर रूप से घायल हो गया है। पुलिस जानकारी के अनुसार ग्राम पंचायत कुंगश के डुगान गांव के निवासी युवक सुशील कराना गांव में ही शादी समारोह में भाग लेने के लिए गया हुआ था। देर रात जब वो घर की और वापिस आने लगा तो उसका गाड़ी से नियंत्रण खो गया और कार सडक़ से नीचे लुढक़ गई। पुलिस ने बताया कि रात को किसी को भी इस गाड़ी के नीचे गिरने का पता नहीं लगा जिस कारण उक्त व्यक्ति पूरी रात खाई में ही पड़ा रहा। शुक्रवार सुबह जब अन्य लोग अपने वाहन लेकर आनी की ओर आ रहे थे तो उनकी नजर नीचे खाई में गिरी कार पर पड़ी। ग्रामीण नीचे उतरे और युवक को आनी अस्पताल पहुंचाया गया। आनी अस्पताल के डॉक्टर द्वारा पुलिस को सूचित किया गया। आनी में तैनात एएसआई राजेन्द्र ने बताया कि फिलहाल युवक बयान देने की हालत में नहीं है। वहीं, पुलिस दुर्घटना के कारणों की जांच में जुट गई है।