शिवराज प्रदेश का सबसे लबरा नेताः अजय सिंह 

रीवा। जैसे-जैसे चुनाव की तारीख नजदीक आ रही है वैसे-वैसे प्रचारकों का अभियान तेज हो रहा है। विंध्य क्षेत्र के स्टार प्रचार अजय सिंह रविवार को रीवा जिले में कई चुनावी सभाओं को संबोधित किया। उन्होंने बीजेपी के 15 वर्षों के कुशासन पर कुठाराघात करते हुए शिवराज सिंह पर बघेली में जमकर कोसा।

रविवार को नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि जनता अब बदलाव करने जा रही है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री रहते शिवराज सिंह चौहान ने इतनी घोषणाएं कर दी कि उनके विभागों को इसका हिसाब रखने में परेशानी आने लगी।विधानसभा में जब इसकी जानकारी मांगी गई तो विभाग ने कहा कि सभी घोषणाओं की जानकारी उनके पास नहीं है। अजय सिंह ने कहा कि मुख्यमंत्री जहां भी अपने भाषण में घोषणाएं करते हैं संबंधित स्थान के प्रशासन की जवाबदेही होती है कि वह इसकी जानकारी मुख्यमंत्री कार्यालय को भेजे, जहां से संबंधित विभागों को कार्रवाई के लिए प्रस्ताव भेजा जाता है। पर मध्य प्रदेश में हालात कुछ अलग है। मध्यप्रदेश के सीएम शिवराज तो ऐसे हैं जो बिना सोचे समझे भी बोलते हैं। उन्होंने सेमरिया में कांग्रेस प्रत्याशी त्रियुगीनारायण शुक्ला के लिए वोट मांगने के दौरान आयोजित सभा में कहा कि हमारे बघेली में झूंठे को लबरा बोलते हैं, शिवराज प्रदेश का सबसे लबरा नेता है। सेमरिया के लोगों से उन्होंने कांग्रेस को जिताने की अपील की।इसके बाद त्योंथर विधानसभा क्षेत्र के घुसरुम में आयोजित सभा को संबोधित किया। वहां पर भी उन्होंने पार्टी के प्रत्याशी रमाशंकर सिंह पटेल के पक्ष में प्रचार किया और कहा कि प्रदेश में कांग्रेस की सरकार ही सबका भला करेगी। भाजपा की सरकार में गरीबों के नाम पर पूंजीपतियों का भला किया जाता है। उन्होंने कहा कि सीएम की ससुराल वाले गांव के लोगों को प्रदेश में नौकरियां दी गई हैं।कांग्रेस की सरकार आई तो हर जगह इसकी जांच कराएगी और प्रदेश के युवाओं को उनका हक दिलाने के लिए नियमों में संशोधन भी किए जाएंगे। यहां पर भी अजय सिंह ने कहा कि विंध्य क्षेत्र की उपेक्षा भाजपा के सरकार में रही है, कांग्रेस की सरकार बनी तो इस क्षेत्र में प्राथमिकता के साथ विकास होगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *