बर्फवारी के लिए अपने-अपने स्तर पर तैयारियां रखे सभी विभाग…युनूस
उपायुक्त ने बैठक के दौरान की सभी आवश्यक प्रबंधों की समीक्षा
कमलेश वर्मा(परी)
कुल्लू, 14 दिसंबर। खराब मौसम और बर्फवारी के मद्देनजर आने वाले दिनों में अपने-अपने स्तर पर सभी विभाग आवश्यक तैयारियां रखें, ताकि किसी भी तरह की आपात परिस्थिति से बेहतर ढंग से निपटा जा सके। यह बात उपायुकत कुल्लू युनूस ने यहां कुल्लू में एक बैठक के दौरान कही। सर्दी के मौसम में बर्फबारी व अन्य आपात परिस्थितियों से निपटने की तैयारी के मददेनजर वीरवार को बचत भवन में विभिन्न विभागों के अधिकारियों के साथ बैठक के दौरान उपायुक्त ने विभागीय अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी विभाग हर तरह की आपादा से निपटने के लिए तैयारियां रखें। उन्होंने कहा कि कुल्लू जिला में भारी बर्फबारी वाले ऊपरी इलाकों में सभी आवश्यक सुविधाएं बहाल रखने के लिए पर्याप्त प्रबंध किए गए हैं। इन क्षेत्रों के लोगों को पांच महीने के राशन का एडवांस कोटा और मिटटी का तेल मुहैया करवा दिया गया है। उपायुक्त ने लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों से कहा कि वे बर्फबारी वाले क्षेत्रों विशेषकर जलोड़ी दर्रे, गाड़ागुशैणी,मणिकर्ण घाटी और मनाली के ऊपरी इलाकों की सडक़ों पर यातायात सुचारू बनाए रखने के लिए पर्याप्त लेबर व मशीनरी तैयार रखें। 
बर्फ हटाने के लिए पर्याप्त मात्रा में रेत व बुरादा का प्रबंध भी करें। यूनुस ने कहा कि क्रिसमस, नववर्ष और शरदोत्सव के दौरान मनाली व इसके आसपास के पर्यटक स्थलों पर सैलानियों की काफी भीड़ रहेगी। इस दौरान कुल्लू-मनाली लेफ्ट व राइट बैंक की सडक़ों पर यातायात सुचारू बनाए रखने के लिए कम से कम आधा दर्जन जेसीबी मशीनें व क्रेन लगाई जाएंगी। नववर्ष व शरदोत्सव के दौरान 35 अतिरिक्त होमगार्डों सहित कुल 150 पुलिस कर्मचारी भी तैनात किए जाएंगे। उपायुक्त ने बिजली बोर्ड के अधिकारियों को विद्युत उपकरणों व अन्य सामग्री का प्रबंध करने तथा बिजली की लाइनों के साथ लगने वाले पेड़ों या उनकी टहनियों को तुरंत हटाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि बर्फबारी के दौरान पेयजल की आपूर्ति बनाए रखने के लिए सिंचाई एवं जनस्वास्थ्य विभाग भी उचित प्रबंध करे। उपायुक्त ने कहा कि सभी अधिकारी अपने.अपने विभागों में उपलब्ध फोर.बाई.फोर वाहनों को चिह्नित करें, ताकि भारी बर्फबारी की स्थिति में इनका उपयुक्त इस्तेमाल किया जा सके। वहीं, उन्होंने कहा कि अगर बर्फबारी के दौरान बड़े वाहनों की आवाजाही बाधित होती है तो एचआरटीसी की छोटी इलैक्ट्रिक बसों का प्रयोग भी किया जाएगा। बैठक के दौरान मनाली के एसडीएम एचआर बेरवा, बंजार के एसडीएम अपूर्व देवगन, एएसपी निश्चिंत सिंह नेगी, सहायक आयुक्त डॉ अमित गुलेरिया, एसडीएम कुल्लू सन्नी शर्मा और अन्य अधिकारियों ने भी महत्वपूर्ण सुझाव रखे।