मेहनत के बल पर जीवन में हासिल किया जा सकता है कोई भी मुकाम…अमित गुलेरिया

-धूमधाम से मनाया भल्याणी स्कूल का वार्षिक समारोह
– सहायक आयुक्त कुल्लू अमित गुलेरिया ने बच्चों को बांटे ईनाम
कमलेश वर्मा(परी)कुल्लू, 13 दिसंबर। कुल्लू की लगवैली स्थित राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला भल्याणी का वार्षिक पारितोषिक वितरण समारोह बुधवार को आयोजित किया गया। समारोह में सहायक आयुक्त डॉ अमित गुलेरिया ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की। इस अवसर पर विद्यार्थियों, शिक्षकों और अभिभावकों को वार्षिक उत्सव की बधाई देते हुए डॉ अमित गुलेरिया ने कहा कि इस तरह के आयोजनों से विद्यार्थियों का उत्साहवर्द्धन होता है तथा वे विभिन्न शैक्षणिक, खेलकूद, सांस्कृतिक व अन्य गतिविधियों में भाग लेने के लिए प्रेरित होते हैं। सहायक आयुक्त ने कहा कि मेहनत के बल पर जीवन में कोई भी मुकाम हासिल किया जा सकता है। अत: विद्यार्थियों को निरंतर मेहनत व दृढ़ निश्चय के साथ आगे बढऩा चाहिए। उन्होंने विद्यार्थियों से पर्यावरण संरक्षण में भी अपना योगदान देने की अपील की। इस मौके पर सहायक आयुक्त ने विभिन्न गतिविधियों में सराहनीय प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को पुरस्कार भी बांटे। बारहवीं कक्षा की शिवानी को स्टूडेंट ऑफ द ईयर का पुरस्कार दिया गया। इससे पहले स्कूल के प्रधानाचार्य ललित मोहन शर्मा ने वार्षिक रिपोर्ट पढ़ी तथा स्कूल में आयोजित की जाने वाली विभिन्न गतिविधियों की जानकारी दी। विद्यार्थियों ने सांस्कृतिक कार्यक्रम पेश किए जिनमें महासू नाटी मुख्य आकर्षण रही। स्कूल प्रबंधन समिति के अध्यक्ष प्रकाश चंद ने मुख्य अतिथि और अन्य अतिथियों का धन्यवाद किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *