उत्तराखंड के आर्यन जुयाल ने अंडर-19 वर्ल्ड कप में की जगह पक्की

देहरादून। उन्मुक्त चंद के बाद अब सूबे के एक और लाल ने अंडर-19 इंडियन क्रिकेट टीम में अपनी जगह पक्की कर ली है। उत्तराखंड के होनहार बल्लेबाज आर्यन जुयाल अंडर-19 क्रिकेट वर्ल्ड कप के लिए टीम इंडिया में शामिल हो गए हैं। न्यूजीलैंड में 13 जनवरी से शुरू हो रहे वर्ल्ड कप के लिए आर्यन का बतौर विकेट कीपर के लिए चुनाव हुआ है
रविवार शाम को बीसीसीआइ ने अंडर-19 वर्ल्ड कप के लिए टीम इंडिया की घोषणा की। टीम में हल्द्वानी के रहने वाले आर्यन जुयाल को विकेट कीपर के तौर पर शामिल किया गया है।
आर्यन के प्रारंभिक कोच रविंद्र नेगी ने बताया कि कक्षा पांच में आर्यन ने अभिमन्यु क्रिकेट अकादमी में प्रवेश लिया था। डेढ़ साल की कड़ी मेहनत के बाद आर्यन का चयन उत्तर प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन (यूपीसीए) की अंडर-14 टीम में हो गया। दाएं हाथ के धुआंधार बल्लेबाज आर्यन ने अपने प्रदर्शन के दम पर यूपीसीए की अंडर-16 की टीम में भी जगह हासिल कर ली है ।
अंडर-16 में खेलते हुए आर्यन का बीसीसीआइ की जोनल क्रिकेट ऐकेडमी और नेशनल क्रिकेट ऐकेडमी में चयन हो गया। इसी साल आर्यन ने यूपीसीए अंडर-19 क्रिकेट टीम से अपना डेब्यू मैच खेला। जोनल वनडे मैच में आर्यन ने चार मैच खेले, जिसमें दो शतक और दो अर्द्धशतक लगाकर शानदार पारी खेली। बेहतर प्रदर्शन के दम पर आर्यन को अंडर-19 त्रिकोणीय सीरीज में इंडिया ग्रीन की टीम से खेलने का मौका मिला। जिसमें आर्यन ने शानदार बल्लेबाजी के दम पर चार मैच में 171 रन बनाए।
चयनकर्ता राहुल द्रविड़ और वेंकेटेश प्रसाद ने आर्यन पर जताया भरोसा
मैच के बाद जारी रैंकिंग में आर्यन ने बल्लेबाजी में देश में चौथा और विकेट कीपिंग में पहला स्थान हासिल किया। आर्यन के प्रारंभिक कोच रविंद्र नेगी के मुताबिक, चयनकर्ता राहुल द्रविड़ और वेंकेटेश प्रसाद ने आर्यन पर भरोसा जताते हुए उन्हें अंडर-19 क्रिकेट वर्ल्ड कप में शामिल किया है।
उन्होंने बताया कि अंडर-16 में आर्यन बेस्टविकेट कीपर भी रह चुके है। आपको बता दे कि वर्ल्ड कप के लिए टीम इंडिया का कोचिंग कैंप आठ दिसंबर से बंगलुरु में शुरू होने जा रहा है।