लाहुल स्पीति के कुरछेहड़ नाला में बाइक दुर्घटनाग्रस्त, 2 युवकों की मौत

-किलाड़ से उदयपुर होते हुए आ रहे थे कुल्लू
कमलेश वर्मा(परी)
कुल्लू,07 दिसंबर। जनजातीय ज़िला लाहुल स्पीति के उदयपुर के समीप कुरछेहड़ नाला में एक बाइक दुर्घटनाग्रस्त हो गई। इस दुर्घटना में बाइक में सवार दोनों युवकों की मौत हो गई है। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार मृतक युवकों की पहचान देश राज (22) पुत्र ध्यानचंद गांव डाहनाला डाकघर साहली तहसील पांगी जिला चंबा व शाम लाल (21) पुत्र होशियार चंद गांव चसक डाकघर सेचु तहसील पांगी के रूप में हुई है। उक्त दोनों युवक बुधवार को उदयपुर से तिंदी की ओर जा रहे थे कि उदयपुर से 12 कि.मी. दूर कुरचेहड गांव के समीप दोनों बाइक सहित ढांक से करीब 250 मीटर नीचे चंद्रभागा नदी किनारे जा गिरे। स्थानीय लोगो ने दुर्घटना के बारे में उदयपुर पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची तब तक दोनो युवकों की मौके पर ही मौत हो चुकी थी। पुलिस ने दोनों युवकों के शव को कब्जे में लेकर उसे पोस्टमार्टम के लिए केलांग अस्पताल भेज दिया है। वही, दोनो युवक स्वास्थ्य विभाग में कार्यरत थे। एसपी लाहुल स्पीति गौरव सिंह ने बताया कि दोनों युवकों के परिजनों को सूचित कर दिया गया है और पोस्टमार्टम के बाद शवों को परिजनों को सौंप दिया जाएगा। उन्होंने बताया कि पुलिस ने मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *