स्कूल में घुसकर कर्मचारियों के साथ मारपीट से दहशत का माहौल

देहरादून। कुछ असामाजिक तत्वों द्वारा अभिभावकों के नाम पर जबरन एक अंग्रेजी माध्यम के स्कूल में घुसकर स्कूल स्टाफ से मारपीट करने और विरोध करने पर जान से मारने की धमकी देने का मामला सामने आया है। घटना रायपुर थाना क्षेत्र के द इण्डियन एकेडमी का है। एकेडमी के स्टाफ की ओर से रायपुर थाने में लिखित तहरीर देकर बताया कि बीते रोज उनके स्कूल में अभिभावक दिवस था। इस दौरान कुछ लोगों ने स्कूल में जबरन घुसने का प्रयास किया तो स्कूल स्टाफ ने इनको रोकने का प्रयास किया लेकिन ये स्कूल स्टाफ निशा को धक्का मारते हुए घुस गये। इसी धक्का मुक्की में निशा के पैर में काफी चोट आ गयी। कुछ ही देर में कुछ अन्य लोग प्रधानाचार्या के कमरे के बाहर खड़े होकर शोर गुल करने लगे। इसी बीच नवीन लिंगवाल नामक एक व्यक्ति ने वहां अभद्र भाषा का प्रयोग कर स्कूल प्रशासन के खिलाफ गाली गलौच शुरू कर दिया और वहां मौजूद अन्य अभिभावकों को भड़काना शुरू कर दिया। इस दौरान वहां नवीन लिंगवाल के कुछ अन्य साथी भी आ गये तथा उन्होनंे स्कूल स्टाफ के साथ मारपीट करनी शुरू कर दी। स्कूल स्टाफ ने अपनी तहरीर में लिखा है कि लिंगवाल व उनके साथी एक संस्था चलाते हैं जिसका कहीं भी पंजीकरण नहीं है और ये संस्था के नाम पर अभिभावकों को भड़काने का काम कर रहे हैं। इनकी ये गतिविधियां पिछले तीन सालों से चल रही है लेकिन इस बार तो इन्होंने स्कूल में घुस कर दहशत का माहौल कायम कर दिया है। स्कूल स्टाफ के विरोध करने पर इन्होंने जान से मारने की धमकी दी। ये लोग लगातार स्कूल को बदनाम करने का प्रयास कर रहे हैं और समय समय पर स्कूली छात्रों व उनके अभिभावकों को भड़का कर माहौल खराब कर रहे हैं।
मामले में में थाना रायपुर में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। थाना प्रभारी हेमेन्द्र नेगी ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।