कांग्रेस पार्टी का मंत्र ‘बांटो और राज करो’ : पीएम मोदी
नई दिल्ली: लोकसभा चुनाव 2019 के लिए विपक्षी पार्टियों के महागठबंधन बनाने के प्रयास को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने एक असफल विचार करार दिया है. वहीं, गुजरात में उत्तर भारतीयों पर हमले की पृष्ठभूमि में कांग्रेस पर निशाना साधते हुए पीएम मोदी ने बुधवार को कहा कि कांग्रेस पार्टी का मंत्र ‘बांटो और राज करो’ है, जबकि बीजेपी का मंत्र ‘सबका साथ, सबका विकास’ है.
किसी का नाम लिए बिना उन्होंने यह भी कहा कि पांच राज्यों में चुनाव होने वाले हैं, तो ऐसी चीजों (समाज को बांटने के प्रयास) को बढ़ावा दिया जा रहा है. उन्होंने कहा कि कांग्रेस का काम ही है तोड़ो, बांटो और एक दूसरे से लड़ाओ. पीएम मोदी ने कहा कि जब अटल बिहारी वाजपेयी की सरकार थी तब उत्तराखंड, छत्तीसगढ़ और झारखंड तीन राज्य बने और शांतिपूर्ण ढंग से बने. उन्होंने आरोप लगाया कि इन्होंने (कांग्रेस) तेलंगाना बनाया और ऐसे बनाया कि एक ही क्षेत्र के लोगों को एक दूसरे का दुश्मन बना दिया.
कांग्रेस ने किया लोगों को बांटने का काम
दरअसल, प्रधानमंत्री ने ‘मेरा बूथ, सबसे मजबूत’ कार्यक्रम के तहत रायपुर, मैसूर, धौलपुर, दमोह और आगरा के बीजेपी कार्यकर्ता को नमो एप के जरिए संबोधित करते हुए कहा, ‘‘कांग्रेस ने आज तक बांटो और राज करो पर अमल किया है. छोटी-छोटी बातों पर लोगों को भड़का कर उल्लू सीधा करने का काम किया है.’’ उन्होंने कहा कि वहीं बीजेपी कार्यकर्ताओं के दिल में यह भाव होता है कि देश किसी भी तरह से बंटना नहीं चाहिए. मोदी ने कहा कि बीजेपी का मंत्र सबका साथ, सबका विकास और सर्वजन हिताय, सर्वजन सुखाय है. पीएम ने कहा, ‘‘सुख बांटने से बढ़ता है. यह हमारी संस्कृति में निहित है, लेकिन कांग्रेस पार्टी को देश की संस्कृति से कोई लेना देना नहीं है.’’ कांग्रेस पर निशाना साधते हुए मोदी ने कहा, ‘‘हम सुख बांटने वालें हैं, वो समाज बांटने वाले हैं. हमें सुख बांटकर हर किसी की जिंदगी में सुख लाने का प्रयास करना है. उनका समाज बांटकर खुद के परिवार का भला करने का सपना है.’’