200 वस्तुओं पर टैक्स कम करने पर बन सकती है सहमति

नई दिल्ली। कल से असम के गुवाहाटी में गुड्स एंड सर्विस टैक्स (जीएसटी ) का नीति निर्धारण करने वाली परिषद यानि जीएसटी काउंसिल की 23वीं बैठक चल रही है। इस दो दिवसीय बैठक में रोज इस्तेमाल की जाने वाली 200 वस्तुओं पर टैक्स कम पर सहमति हो सकती है।
ऐसे उम्मीद है कि आम आदमी और व्यापारियों को राहत देने के लिए इस बैठक में 28% टैक्स वाली ज़्यदातर वस्तु और सेवाओं पर जीएसटी को कम करके 18% किया जा सकता है। इनमें प्लास्टिक प्रोडक्ट और हैंड मेड फर्निचर जैसे सामान भी शामिल हो सकते हैं।
कुछ मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक अभी तक 28% जीएसटी के स्लैब में आने वाली 227 वस्तुओं में से 165 को 18% के स्लैब में किया जा सकता है और सिर्फ 62 वस्तुओं को ही 28% के स्लैब में रखा जाएगा। इतना ही नहीं मौजूदा व्यवस्था के दौरान 18% टैक्स स्लैब में आने वाली कई वस्तुओं को 12% टैक्स स्लैब में डाला जा सकता है।उपभोक्ताओं के नजरिए से चले तो AC रेस्टोरेंट पर जीएसटी की दर को 18% से कम करके 12% करने पर सहमति हो सकती है। इसके अलावा फर्नीचर, शैंपू, प्लास्कटिक से बने सामान सहित रोजमर्रा के इस्तेमाल में आने वाली कई वस्तुओं पर टैक्स 18% से कम होकर 12% हो सकती है ।
कारोबारियों को राहत देने के लिए जीएसटी रिटर्न दाखिल करने के नियमों में भी छूट दी जा सकती है। अभी तक कारोबारियों को महीने में 3 रिटर्न दाखिल करने होते हैं, ऐसी उम्मीद जताई जा रही है कि छोटे कारोबारियों के लिए 3 रिटर्न की जगह 1 रिटर्न को रखा जा सकता है। GST नेटवर्क को और बेहतर बनाने और रिटर्न दाखिल करने के तरीके को और आसान बनाने के लिए भी घोषणा हो सकती है।