कुल्लू जिला में चार केंद्रों पर होगी मतगणना, तैयारियां पूरी

कमलेश वर्मा(परी),15 दिसंबर। विधानसभा चुनाव की मतगणना के लिए कुल्लू जिला की चारों सीटों के लिए अलग.अलग मतगणना केंद्र बनाए गए हैं। मनाली, कुल्लू, बंजार और आनी में बनाए गए इन मतगणना केंद्रों पर सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। शुक्रवार को इन केंद्रों में मतगणना का पूर्वाभ्यास भी किया गया। उपायुक्त एवं जिला निर्वाचन अधिकारी यूनुस ने बताया कि चारों मतगणना केंद्रों पर माइक्रो ऑब्जरवरए 44 काउंटिंग सुपरवाइजर और 44 काउंटिंग असिस्टेंट तैनात किए गए हैं। उन्होंने बताया कि 100 मतदान केंद्रों वाले मनाली विधानसभा क्षेत्र के लिए 8 मतगणना टेबल लगाए गए हैं। इसकी मतगणना 13 दौर में पूरी की जाएगी। 145 मतदान केंद्रों वाले कुल्लू विधानसभा क्षेत्र की मतगणना के 11 दौर होंगे, जिसके लिए 14 टेबल स्थापित किए गए हैं। बंजार विधानसभा क्षेत्र में 139 मतदान केंद्र हैं और इनके लिए दस टेबल लगाए गए हैं। यहां की मतगणना 14 दौर में पूरी होगी। आनी विस क्षेत्र के 136 मतदान केंद्रों की मतगणना 12 दौर में पूरी की जाएगीए जिसके लिए 12 टेबल लगाए गए हैं। चारों विधानसभा क्षेत्रों की मतगणना के प्रत्येक दौर की सूचना मीडिया तक पहुंचाने के लिए हर मतगणना केंद्र पर मीडिया सेंटर स्थापित किया जाएगा। जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि मतगणना कार्य के लिए तैनात कोई भी अधिकारी.कर्मचारी या उम्मीदवारों के एजेंट मतगणना हॉल के अंदर मोबाइल फोन नहीं ले जा सकेंगे। जिला निर्वाचन अधिकारी ने चारों विस क्षेत्रों के निर्वाचन अधिकारियों को मतगणना केंद्रों पर सभी आवश्यक प्रबंध करने के निर्देश दिए हैं।