दंबगों ने की बजरंग दल के पूर्व जिला संयोजक की नृशंस हत्या , पांच आरोपी हिरासत में

कानपुर। मेरठ में आरएसएस कार्यकर्ता की हत्या के बाद कल रात कानपुर में बजरंग दल के पूर्व जिला संयोजक इंद्र बहादुर यादव उर्फ की हत्या कर दी गई। आरएसएस कार्यकर्ता के बाद अब बजरंग दल के कार्यकर्ता अपराधियों के निशाने पर हैं।
वीडियो के ज़रिये सामने आये आरोपियों के नाम
मौत से पहले बनाए गए एक वीडियो में हमलावरों के नाम सामने आए हैं। मृतक के भाई ने पांच लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है। इन पांचों को आज हिरासत में ले लिया गया है।

कानपुर में कल रात अर्मापुर थाने से चंद कदमों की दूरी पर दंबगों ने बजरंग दल के पूर्व जिला संयोजक इंद्र बहादुर यादव उर्फ विजय (34) की दौड़ा-दौड़ाकर चेहरे और गर्दन पर चापड़ व चाकू से ताबड़तोड़ वार कर नृशंस हत्या कर दी। इंद्र बहादुर यादव की हत्या के पीछे पांच लाख रुपये के लेनदेन के विवाद की बात सामने आ रही है। दम तोडऩे से पहले भाई को फोन पर इंद्र बहादुर ने पूरी घटना की जानकारी दी। पुलिस आरोपियों की तलाश में दबिश दे रही है। ब्रम्हदेव चौराहा पर फर्नीचर की दुकान है।
रावतपुर के केशवनगर के रामकरन के तीन बेटों में दूसरे नंबर के बेटे विजय को कल रात अर्मापुर थाने के चंद कदम दूरी पर कुछ लोगों ने रोक लिया। विजय के बोलेरो से उतरते ही तीन लोगों ने पीछे से पकड़ लिया और दो लोगों ने चापड़ व चाकू से गर्दन पर ताबड़तोड़ वार कर दिए। बचकर भागने पर सभी ने दौड़ाकर वार करना जारी रखा। विजय चेहरे व गर्दन पर गंभीर घाव होने पर गिर गया। चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोगों को एकत्र होता देख हमलावर भाग निकले। विजय ने एक राहगीर के फोन से अपने भाई वीर बहादुर को घटना की जानकारी दी।
अपने भाई पर जानलेवा हमले की सूचना मिलते ही वीर बहादुर साथियों संग मौके पर पहुंचे और गंभीर रूप से घायल विजय को एलएलआर अस्पताल (हैलट) ले गए। जहां से गंभीर हालत देख रीजेंसी हास्पिटल रेफर कर दिया गया। जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।