खाई में गिरने से एक युवक की मौत , दो पहाड़ी पर फसे

जोशीमठ। सीमांत तहसील जोशीमठ से करीब 30 किमी दूर ऋषिकुंड ट्रैक पर तपोवन के सुरांईथोटा जुआग्वाड़ में एक ट्रैकर की खाई में गिरने से मौत हो गई। जबकि, उसके दो अन्य साथी वहीं पहाड़ी पर फंसे हुए हैं। एसडीएम जोशीमठ योगेंद्र कुमार ने बताया कि एसडीआरएफ (राज्य आपदा प्रतिवादन बल) व प्रशासन की टीम मौके पर मौजूद है, लेकिन पहाड़ी दुर्गम होने के कारण अब तक रेस्क्यू नहीं किया जा सका।
हालांकि, खाई में गिरे युवक के शव तक स्थानीय ग्रामीण पहुंच गए हैं, लेकिन शव को अभी निकाला नहीं जा सका है। एसडीएम ने यह भी बताया कि उक्त युवकों के पास ट्रैकिंग की अनुमति नहीं थी, लिहाजा मामले की जांच की जा रही है।
जानकारी के अनुसार सुरांईथोटा के ग्रामीण जोशीमठ की तरफ आ रहे थे। इसी बीच उन्हें जुआग्वाड़ की पहाड़ी से मदद की पुकार सुनाई दी। उन्होंने तत्काल इसकी सूचना जोशीमठ तहसील प्रशासन व एसडीआरएफ को दी। टीम के वहां पहुंचने पर पता चला कि पहाड़ी पर दो युवक फंसे हुए हैं, जबकि एक युवक की खाई में गिरने से मौत हो गई।
स्थानीय ग्रामीणों की पहाड़ी पर फंसे युवकों से मोबाइल पर हुई बातचीत के आधार पर एसडीएम ने इन युवकों के नाम रामनगर (नैनीताल) निवासी योगेश नयाल, विकासनगर (देहरादून) निवासी सुधांशु तोमर पुत्र सुनील तोमर और हिमाचल प्रदेश निवासी भूपेंद्र वर्मा पुत्र नारायण बताए। उन्होंने बताया कि इनमें से रामनगर (नैनीताल) निवासी योगेश नयाल की पैर फिसलने से खाई में गिरने के कारण मौत हो गई।
एसडीएम योगेंद्र कुमार के अनुसार एसडीआरएफ व प्रशासन की टीम ने पहाड़ी पर फंसे युवकों को निकालने के लिए रेस्क्यू शुरू किया। लेकिन, टीम जुआग्वाड़ से 30 मीटर ऊपर ही चढ़ पाई। इससे आगे पहाड़ी बेहद दुर्गम है और आगे बढऩे का कोई रास्ता नहीं मिल पा रहा। ऐसे में देर शाम ऑपरेशन रोक दिया गया।
बताया कि युवकों को निकालने के लिए अब सेना व आइटीबीपी (भारत-तिब्बत सीमा पुलिस) की मदद मांगी गई है। उन्होंने यह भी बताया कि ग्रामीण खाई में गिरे युवक के शव तक पहुंच गए हैं, लेकिन शव को अभी बाहर नहीं निकाला जा सका। पहाड़ी पर फंसे युवकों के पास टेंट व खाद्य सामग्री मौजूद होने की बात भी उन्होंने कही।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *