रसोई गैस सिलेंडर फटने से आग की चपेट में आये दंपत्ति की मौत

हरिद्वार । हरिद्वार के लालढांग में रसोई गैस सिलेंडर फटने से पति -पत्नी की मौके पर ही मौत हो गयी । पुलिस ने दोनों के शवों को कब्ज़े में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया है। घटना से आसपास के लोगो में खौफ है।
बताया जा रहा कि देर रात लाइट नहीं होने से रामू (48 वर्ष) पुत्र नामालूम और फूलवती पत्नी रामू (40वर्ष) रोजाना की तरह घर का काम निपटा कर घर में मोमबत्ती जला कर सो गए।
मोमबत्ती रसोई गैस सिलेंडर के समीप ही जल रही थी। कुछ ही देर में पास ही गैस के पाइप में आग लग गई। गैस का रेगुलेटर खुला होने की वजह से आग सिलेंडर में जलने लगी। पास ही सोए दंपती को इसकी खबर तक नहीं लगी। कुछ ही देर में सिलेंडर आग के गोले की तरह जलने लगा और फट गया।
पती कुछ समझ पाते, उससे पहले ही वे आग के चपेट में आ चुके थे। धमाका सुनकर आसपास के लोग वहां एकत्रित हो गए। उन्होंने इसकी सूचना चंडीघाट पुलिस को दी। एसओ श्यामपुर प्रदीप मिश्रा, चंडीघाट चौकी इंचार्ज सतेंद्र भंडारी अग्निशमन के साथ मौके पर पहुंचे, लेकिन तब तक झोपड़ी पूरी तरह जल चुकी थी। पुलिस ने अंदर जाकर देखा तो दंपती की मौत हो चुकी थी।