ज्वेलरी शॉप में हुई चोरी का खुलासा

देहरादून। धामावाला बाजार स्थित सीताराम ज्वैलरी शॉप में 31 अक्तूबर की रात हुई चोरी की वारदात का गुरुवार को पुलिस ने खुलासा कर दिया। दो अंतरराज्यीय शातिर चोर गिरफ्तार करते हुए पुलिस ने उनसे 11 किलो चांदी के गहने बरामद किए हैं। आरोपियों को गिरफ्तार करने वाली टीम को एसएसपी निवेदिता कुकरेती ने ढाई हजार रुपये का इनाम देने की घोषणा की है।
धामावाला बाजार में कुंज विहारी सैनी की सीताराम ज्वैलर्स के नाम से चांदी के गहनों की दुकान है। जिसमें 31 अक्तूबर की रात चोरी हो गई थी। एक नवंबर की सुबह वारदात का पता लगने पर पुलिस ने दुकान के आसपास और वहां से जाने के रास्तों के सीसीटीवी फुटेज खंगाले। जिसमें लोई ओढ़े दो लागे जाते हुए दिखाई दिए। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज की पड़ताल की तो सामने आया कि चोर रेलवे स्टेशन के पास एक होटल में ठहरे थे। जहां से सुबह करीब चार बजे दो चोरों ने निकलने के बाद चोरी की वारदात को अंजाम दिया। होटल में आने के वक्त की फुटेज और होटल में दिए गए पहचान पत्र से पुलिस ने उनकी तलाश शुरू की।
एसएसपी निवेदिता कुकरेती ने चोरी की वारदात का खुलासा करते हुए बताया कि चोरी के आरोपी मोहम्मद अशद उर्फ गुड्डू निवासी इमली रोड, सती मौहल्ला थाना गंगनहर जिला हरिद्वार और अजय वर्मा उर्फ पिंटू निवासी चदांना थाना देवबंद, जिला सहारनपुर को गुरुवार सुबह आईएसबीटी के पास से गिरफ्तार किया गया है। दोनों चोरों ने वारदात के बाद मोहंड के जंगल में गहने दबा दिए थे। गुरुवार को दोनों गहने लेने के लिए आए तो उन्हें गिरफ्तार किया गया। गिरफ्तार चोरों से पुलिस ने 11 किलो चांदी के गहने बरामद किए हैं। हालांकि ज्वैलरी शॉप संचालक ने चोरी गए सामान में बरामद सामान कई किलो कम बताया है। पुलिस के मुताबिक दुकान में वारदात के बाद दोनों चोर ऑटो बुक कर आईएसबीटी गए और वहां से बस में बैठकर रवाना हो गए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *