‘पहले दिखाए अच्छे दिनों के सपने, अब जबरन सुना रहे मन की बात’

नाहन। पांवटा साहिब के कांग्रेस चुनाव कार्यालय पहुंचे उत्तराखंड कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष प्रीतम सिंह ने कहा कि पीएम मोदी ने देश की जनता को अच्छे दिनों के सपने दिखाए और अब सत्ता में आने के बाद मन की बात जबरन सुना रहे हैं। उत्तराखंड के कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष प्रीतम सिंह ने कहा कि आज देश की जनता भ्रष्टाचार, बेरोजगारी व मंहगाई से त्रस्त है। लेकिन जनता के मन की बात कोई नहीं सुन रहा है। नोटबंदी के बाद जीएसटी ने देश की अर्थव्यवस्था बुरी तरह से हिला कर रख दी है। जिसका जवाब गुजरात और हिमाचल की जनता चुनाव में देगी। प्रीतम सिंह ने कहा कि गुजरात में बीजेपी हाशिये पर है। हिमाचल में सीएम वीरभद्र सिंह 7वीं बार सीएम बनकर इतिहास रचेंगे। उन्होंने कहा कि उतराखंड की जनता आज बीजेपी को जीता कर पछता रही है। हिमाचल की जनता फिर से कांग्रेस को जीत दिलाकर जवाब देगी। बीजेपी हर वर्ष 2 करोड़ को रोजगार, हर एक के खाते में 15 लाख राशि का झूठा वायदा कर सत्ता में आई है और अब जनता को महंगाई, बेरोजगारी दे रही है। प्रीतम सिंह ने कहा कि पांवटा की जनता इस बार भी किरनेश जंग को जीत दिलाकर विधानसभा में भेजे, जिससे क्षेत्र विकास हो सके। वहीं पांवटा विधायक किरनेश जंग ने कहा कि धार्मिक स्थलों की जो कदर नही करते, वो जनता की क्या कद्र करेंगे। बीजेपी प्रत्याशी को अपनी बिरादरी से ही, आक्रोश का सामना करना पड़ रहा है। जनता ऐसे नेता को खुद सबक सिखाने को बेताब है। केंद्र सरकार की नाकाम नीतियां आज जनता की दिक्कतों का कारण बनी हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *