औट में कल आयोजित होगी फोरलेन संघर्ष समिति की बैठक

फोरलेन संघर्ष समिति के अध्यक्ष एवं सेवानिवृत ब्रिगेडियर खुशाल ठाकुर करेंगे बैठक की अध्यक्षता
-प्रभावितों-विस्थापितों की विभिन्न मांगों व समस्याओं पर की जाएगी चर्चा
कमलेश वर्मा(परी),09 दिसंबर। नागचला-मनाली फोरलेन विस्थापितों व प्रभावितों की बैठक कल औट स्थित विश्राम गृह में रखी गई है। इस बैठक की अध्यक्षता फोरलने संघर्ष समिति के अध्यक्ष एवं सेवानिवृत ब्रिगेडियर खुशाल ठाकुर द्वारा की जाएगी। इस बैठक में फोरलेन प्रभावितों व विस्थापितों को पेश आ रही विभिन्न समस्याओं व मांगों को लेकर जहां विस्तृत चर्चा की जाएगी वहीं, फोरलेन की जद में आ रहे औट बाजार को लेकर भी विचार-विर्मश किया जाएगा। जानकारी देते हुए समिति के अध्यक्ष खुशाल ठाकुर ने बताया कि नेरचौक मनाली फोरलेन का कार्य प्रगति पर है और एनएच-21 पंडोह बाई पास टकोली फोरलेन का कार्य भी शुरू हो चुका है परन्तु अभी तक प्रदेश सरकार, जिला प्रशाशन तथा एनएचएआई द्वारा फोरलेन विस्थापितों व प्रभावितों के पुनर्वासन तथा पुनर्स्थापन का कोई भी प्रावधान नहीं किया गया है। नेरचौक से मनाली तक हज़ारों लोग फोरलेन की चपेट में आ गए हैं जिसमें भूमि मालिक किसान, मजदूर, दुकानदार, छोटे छोटे लघु उद्योगी शामिल हैं। उन्होंने बताया कि सर्दियों का मौसम शुरू हो चुका है ऐसे में प्रशाशन तथा एन एच ए आई मिलकर जबरन लोगों के घरों को तोड़ रहे है तथा दुकानदारों की दुकाने तोड़ कर उनको आजीविका से महरूम किया जा रहा है। सैंकड़ो लोग भूमिहीन हो रहे हैं, दुकानदारों की रोजी रोटी जबरन छीनी जा रही है। विस्थापितों व प्रभावितों को उजाडऩे के लिए प्रशाशन तथा एन एच ए आई द्वारा छल किया जा रहा है जिसका उदाहरण औट की केशव माधव मार्किट है। प्रशाशन द्वारा1990 में स्वयं मार्किट तैयार की जाती है तथा रेहड़ी वालो को आजीविका हेतु आबंटित की जाती है परन्तु अचानक आज प्रशाशन द्वारा स्वयं ही इन्हें अवैध करार दिया जाता है तथा खाली करने के तुगलकी फरमान जारी किए जाते है। माननीय उच्च न्यायालय को भी प्रशाशन द्वारा गुमराह किया गया कि यह मार्किट अवैध है। फोरलेन विस्थापित दो वर्षों से अपने हकों के लिए सडक़ों पर है परन्तु इनके दर्द को सुनने वाला कोई नहीं है। लोगों मे भारी रोष पनप रहा है तथा अपने हकों के लिए फोरलेन विस्थापित व प्रभावित आंदोलन की राह पर चल पड़े है। उन्होंने कहा कि जब तक फोरलेन विस्थापितों व प्रभावितों का पुनर्वास व पुनर्स्थापन तथा भू-अधिग्रहण कानून 2013 में प्रदत सभी प्राबधान लागू नहीं किये जाते तब तक आंदोलन जारी रहेगा। उन्होंने नागचला से मनाली तक के सभी फोरलेन विस्थापितों व प्रभावितों से अपने हको की लड़ाई के लिए कल औट की बैठक में शामिल होने का आग्रह किया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *