छात्राओं के साथ करता था छेड़छाड़ हो गया निलंबित

उधमसिंह नगर। कहा जाता है कि गुरू ब्रह्मा, गुरू विष्णु, गुरू देवो महेश्वर, लेकिन आज के युग में तो गुरू भगवान की बजाए राक्षस हो गये हैं। एक नहीं कई मामलों में यह देखने को मिला है जब गुरू ने अपनी शिष्याओं के साथ छेड़छाड़ ही क्या की बल्कि उनका यौन उत्पीड़न भी किया। ऐसा ही एक ताजा मामला उधमसिंहनगर जिले का है यहां विद्यार्थियों को नैतिकता का पाठ पढ़ाने वाले शिक्षक ने ही अनैतिक व्यवहार किया। एक शिक्षक ने छात्रा से छेड़छाड़ व अश्लील हरकतें की। परिजनों ने थाने में शिक्षक के खिलाफ छेड़छाड़ व पॉक्सो अधिनियम के तहत मुकदमा भी दर्ज कर दिया है। उधर शिक्षा विभाग के अधिकारियों ने शिक्षक के निलंबन की संस्तुति उच्चाधिकारियों को भेज दी है।
घटना राजकीय माध्यमिक विद्यालय तिलपुरी नं. दो की है। यहां कार्यरत शिक्षक रमेश चंद्र शर्मा निवासी गदरपुर के खिलाफ गांव के ही एक ग्रामीण ने थाने में तहरीर देकर गंभीर आरोप लगाया। बताया कि उसकी कक्षा आठ में अध्ययनरत 14 वर्षीय पुत्री के साथ शिक्षक ने छेड़छाड़ व अश्लील हरकतें की हैं। सूचना पर माध्यमिक जिला शिक्षा अधिकारी पीएन सिंह, उप शिक्षाधिकारी रवि मेहता व थाना प्रभारी इंस्पेक्टर डीआर वर्मा टीम के साथ विद्यालय पहुंचे। छात्रा ने अधिकारियों को बताया कि 27 अक्टूबर को शिक्षक ने रसोई घर में बुलाकर दरवाजा बंद कर उससे छेड़छाड़ की। शोर मचाने पर अन्य शिक्षक आ गए और आरोपी मौके से खिसक लिया।
परिजनों ने बताया कि छात्रा जब स्कूल जाने को रोते हुए मना करने लगी तो उन्हें शक हुआ। काफी पूछने के बाद उसने सारी बातें मां व ताई को बताई। परिजनों ने इसकी सूचना पहले ग्राम प्रधान सुनीता नगरकोटी को दी। इसके बाद शिक्षा व पुलिस विभाग को बताया। पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।