नाबालिग को बनाया हवस का शिकार

हरिद्वार। धर्मनगरी के लक्सर क्षेत्र में लड़कियां सुरक्षित नहीं हैं। आपको ये बात सुनने में थोड़ी अजीब लग रही होगी। ये हम इसलिए बोल रहे हैं क्योंकि आए दिन यहां से दुष्कर्म के मामले सामने आ रहे हैं। अभी ताजा मामला यहां के ओसपुर गांव से सामने आया है। जहां एक मानसिक रूप से विक्षिप्त नाबालिग लड़की के साथ दुष्कर्म किया गया।
जानकारी के मुताबिक, नाबालिग को उस समय शिकार बनाया गया जब वह शौच के लिए गयी थी। हैरानी की बात तो यह है कि इस बार भी आरोप गांव के ही एक युवक पर लगा है। शिकायत के बाद पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। लगातार बढ़ रही इस घटनाओं से ग्रामीणों में काफी रोष है।
यहां लगातार बढ़ रहे हैं दुष्कर्म के मामले
बता दें, लक्सर क्षेत्र में पिछले कुछ दिनों से महिलाओं के साथ छेड़छाड़ और दुष्कर्म के मामलों में काफी तेजी आई है। जो कि चिंता का विषय है। गांव के ही रहने वाले पिंकू नाम के युवक ने आज सुबह नाबालिक को अपनी हवस का शिकार बनाया। आरोप यह भी है कि दुष्कर्मी ने घटना के दौरान विरोध किये जाने पर उसकी पिटाई भी की थी।
दरिंदों को नहीं है पुलिस का खौफ
घर पहुंचकर नाबालिग ने घटना की जानकारी परिजनों को दी। जिसके बाद उन्होंने तुरंत इसकी सूचना पुलिस को दी। कोतवाल टीएस राणा ने बताया कि नाबालिग के परिजनों की तहरीर पर आरोपी पिंटू के खिलाफ बलात्कार व पोक्सो की धाराओं में मुकदमा दर्ज कर गिरफ्तार कर लिया है।अभी हाल ही में दुष्कर्म की घटना की शिकार युवती ने आत्महत्या कर ली थी। जिसके बाद अब पुलिस ऐसे मामलों में कार्रवाई करने में तत्परता तो दिखा रही है, लेकिन ऐसी घटनाओं पर रोक लगाने में अभी भी नाकाम साबित हो रही है। ऐसी बढ़ती घटनाओं को देखते हुए ऐसा लग रहा है कि दरिंदों को पुलिस का खौफ ही नहीं है।