बिजली बोर्ड ने बिल का भुगतान ने करने वाले उपभोक्ताओं पर कसा शिकंजा
-बिजली बिल न भरने पर 260 उपभोक्ताओं को थमाए नोटिस, बिल न भरा तो कटेगी बिजली
कमलेश वर्मा(परी)
कुल्लू, 05 दिसंबर। बोर्ड ने लंबे अरसे से बिजली बिल का भुगतान न करने वाले उपभोक्ताओं पर शिकंजा कस दिया है। बिल का भुगतान करने में सुस्ती बरत रहे करीब 260 उपभोक्ताओं को बोर्ड ने नोटिस थमा दिए हैं और इनको नजरअंदाज करने पर बिजली का अस्थायी तौर पर कनेक्शन काट दिया जाएगा। इसके बावजूद लापरवाही बरती तो उपभोक्ताओं को अंधेरे में रात काटने की नौबत पड़ सकती है। इस महीने के अंत तक बिलों की अदायगी न होने पर बोर्ड बिल्कुल भी नरमी बरतने के मूड में नहीं है। कुल्लू बिजली विभाग के सहायक अभियंता विमल प्रकाश ने बताया कि कुछ उपभोक्ताओं ने काफी समय से बकाया बिलों का भुगतान नहीं किया है। बकाया बिलों की वसूली के लिए बिजली बोर्ड प्रबंधन को कड़ा कदम उठाना पड़ रहा है। पहले चरण में 260 उपभोक्ताओं के बिजली कनेक्शन काटने के आदेश जारी किए गए हैं। उपभोक्ताओं को नोटिस के माध्यम से सूचित किया गया है कि इस माह के अंत तक बिजली बिलों का भुगतान करें नहीं तो कार्रवाई होगी। अगले चरण में अन्य उपभोक्ताओं के खिलाफ कार्रवाई होगी। उनका कहना है कि कुल्लू में ऐसे कई उपभोक्ता है, जो बिजली के बकाया बिल का लंबे समय से भुगतान नहीं कर रहे हंै। बिल का भुगतान न करने वाले उपभोक्ताओं के खिलाफ विद्युत विभाग की टीम अभियंताओं के नेतृत्व में अभियान चलाएगी जो भी एक हजार रूपए से अधिक का बकाएदार होगा, उसका कनेक्शन बिना सूचना दिए ही टीम काट देगी। इस काम में बाधा डालने पर बोर्ड कानूनी कार्रवाई भी कर सकता है।