बंजार के टीपूधार में खाई में गिरी कार, 1 की मौत, 1 घायल
-घायल बच्चे का कुल्लू अस्पताल में चल रहा उपचार
कमलेश वर्मा(परी)
कुल्लू, 04 दिसंबर। जि़ला कुल्लू में आज एक और सडक़ हादसा पेश आया है जिसमें एक व्यक्ति की मौत हो गई है जबकि एक बच्चा गंभीर रूप से घायल है। बंजार पुलिस की जानकारी के अनुसार सोमवार कोउपमंडल बंजार के टीपूधार में एक वाहन खाई से नीचे गिर गया है और इस हादसे में एक व्यक्ति की मौत हो गई है। घटना उस समय पेश आई जब देयोठ पंचायत के टीपूधार में दोपहर कर समय उक्त कार धारा चनौन से नीचे की ओर आ रही थी। उसी दौरान चालक का कार से नियंत्रण खो गया और कार सडक़ से नीचे जा गिरी। कार के गिरते ही स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और उन्हें बाहर निकाला गया। कार में पिता और पुत्र ही सवार थे। ग्रामीणों ने दोनों घायलो को बंजार अस्पताल उपचार के लिए भेज दिया लेकिन दोनों की गंभीर हालत देखते हुए उन्हें कुल्लू अस्पताल भेज दिया गया लेकिन पिता तिलक राज 31 ने नगवाई के पास दम तोड़ दिया। वहीं, पुत्र पवन 9 को उपचार के लिए कुल्लू अस्पताल में भर्ती किया गया है। उधर, एएसपी कुल्लू निश्चिंत नेगी ने बताया कि पुलिस ने मामला दर्ज कर दुर्घटना के कारणों की छानबीन शुरू कर दी है।