महिला कांग्रेस सम्मेलन में महिलाओं की भारी भीड़

अल्मोड़ा। डायट स्थित मैदान में आयोजित महिला कांग्रेस के सम्मेलन में महिलाओं की भारी भीड़ को देख गदगद कांग्रेस नेताओं ने कहा कि केंद्र व राज्य सरकारों ने महिलाओं की उपेक्षा की है। गरीबों के कल्याण की कांग्रेस शासन की योजनाएं एक के बाद एक कर बंद की जा रही हैं। जनता इससे त्रस्त है। महिला शक्ति अब डबल इंजन सरकार को बेपटरी करेगी।सम्मेलन में महिला कांग्रेस की राष्ट्रीय अध्यक्ष व सांसद सुष्मिता देव ने कहा विकास करने व भ्रष्टाचार मिटाने का वादा करने वाली भाजपा देश को सिर्फ झूठ बोल कर गुमराह करने में लगी है। जनता इस असलियत को अब जान चुकी है। प्रदेश की सरकार डबल इंजन के बाद भी विकास नहीं कर पा रही है। यह कैसे वादे हैं जो जनता को परेशान करने के लिए ही पूरे किए जा रहे हैं। पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत ने महिला सम्मेलन में कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने जिस तरह डमरू व डुगडुगी बजाकर आम गरीब जनता का वोट हथिया लिया है। ऐसे में वह मदारी से कम नहीं हैं। उनके शासनकाल में गरीब, मजदूर, महिला व बच्चों के साथ नौजवान व छात्रों के हित में जो योजनाएं चलाई गईं उनका अब बंटाधार करने का काम प्रदेश की त्रिवेंद्र सरकार कर रही है। यह जनता की हितैषी सरकार नहीं हो सकती। पूर्व कैबिनेट मंत्री व नेता प्रतिपक्ष इंदिरा हृदयेश ने कहा कि महिलाओं की शक्ति कांग्रेस को दोबारा 2019 के लोकसभा चुनाव में पूर्ण बहुमत देगी। प्रदेश व केंद्र में डबल इंजन की सरकार पूरी तरह फेल हो चुकी है। जो विकास योजनाएं चल भी रही हैं वह बंद होने के कगार पर हैं। जनता खुद को ठगा महसूस कर रही है। प्रदेश अध्यक्ष प्रीतम सिंह ने कहा कि कांग्रेस का हर कार्यकर्ता पूरे मनोयोग से संगठन के लिए काम में जुट गया है। इस बार 2019 के लोकसभा चुनाव का शंखनाद हो चुका है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *