कुल्लू में कल मनाया जाएगा जिला स्तरीय अंतरराष्ट्रीय स्वयं सेवी दिवस…डॉ लाल सिंह

-देशभक्ति एवं राष्ट्र निर्माण थीम पर भाषण प्रतियोगिता का भी होगा आयोजन
– विभिन्न स्कूलों, प्रशिक्षण संस्थानों व युवक- महिला मंडल लेंगे भाग
कमलेश वर्मा(परी), कुल्लू, 04 दिसंबर। नेहरू युवा केंद्र कुल्लू के स्वयंसेवियों की मासिक बैठक डॉ लाल सिंह जिला युवा समन्वयक एवं कमांडैंट की अध्यक्षता में संपन्न हुई। बैठक में युवा समन्वयक एंव कमांडैंट डॉ लाल सिंह द्वारा इस मौके पर आगामी कार्यक्रमों के बारे स्वयं सेवियों को जानकारी दी गई और सभी खंडों के स्वयं सेवियों के महीने में आयोजित होने वाले कार्यक्रम भी निर्धारित किए गए। जिसमें मुख्य तौर पर अंतरराष्ट्रीय स्वयं सेवी दिवस के उपलक्ष्य पर आयोजित होने वाली भाषण प्रतियोगिता के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई। उन्होंने बताया कि हर वर्ष की भान्ति इस बार भी अंतरराष्ट्रीय स्वयं सेवी दिवस के मौके पर जिला स्तरीय भाषण प्रतियोगिता का आयोजन मंगलवार को बचत भवन कुल्लू में किया जा रहा है, जिसमें कुल्लू के आस-पास के क्षेत्रों के विद्यालय, प्रशिक्षण संस्थान, युवक मंडल-महिला मंडल भाग लेंगे। उन्होंने बताया कि यह प्रतियोगिता चार चरणों में आयोजित की जाएगी जिसमें खंड स्तर से आरंभ होकर जिला स्तर तथा जिला स्तर से राज्य स्तरीय प्रतियोगिताओं को पार करते हुए राष्ट्रीय स्तर पर समाप्त होगी। खण्ड स्तर पर प्रथम आने वाले प्रतिभागियों को जिला स्तर के लिए चयनित किया जाएगा। इसके अलावा प्रथम को राज्य स्तर, राज्य स्तर पर प्रथम आने वाले प्रतिभागी को राष्ट्रीय स्तर के लिए भेजा जाएगा। डॉ लाल ङ्क्षसह ने बताया कि जिला स्तर पर प्रथम, द्वितीय व तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले को पांच हजार, तीन हजार व एक हजार की राशि दी जाएगी। राज्य स्तर पर प्रथम, द्वितीय व तृतीय को पच्चीस हजार, दस हजार व पांच हजार की राशि प्रदान की जाएगी। वहीं राष्ट्रीय स्तर पर पहला स्थान हासिल करने वाले प्रतिभागी को दो लाख, द्वितीय स्थान प्राप्त करने वाले को एक लाख तथा तृतीय स्थान वाले को पचास हजार की राशि दी जाएगी। उन्होंने बताया कि नेहरू युवा केंद्र द्वारा सभी खण्डों में ग्राम युवा संसद व 100 घंटे श्रमदान कार्यक्रमों का आयोजन भी किया जा रहा है जिसकी रिपोर्ट के आधार पर एनवाईके द्वारा इनामों का प्रबंध भी किया गया है इसके अतिरिक्त 22-12-2017 को जिला स्तरीय सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन गुरूकुल प्रशिक्षण संस्थान के सहयोग से बंजार खण्ड में किया जाएगा। जिसमें सभी खण्डों के युवा मण्डल व महिला मण्डल सहभागिता करेंगें।