उक्रांद में प्रोग्रेसिव डेमोक्रेटिक धड़े का विलय

देहरादून । समर्थकों के साथ उक्रांद में शामिल हुए पीडी कोठियाल, दिवाकर भट्ट ने भाजपा, कांग्रेस पर लगाया राज्य को लूटने का आरोप
उत्तराखंड क्रांति दल में उक्रांद प्रोग्रेसिव डेमोक्रेटिक का विलय हो गया है। अध्यक्ष पीडी कोठियाल ने केंद्रीय अध्यक्ष दिवाकर भट्ट के समक्ष पार्टी में शामिल हो गए। उक्रांद ने इसे दल को मजबूत किए जाने की दिशा में अहम कदम बताया।
पार्टी कार्यालय में पीडी कोठियाल, मनोरंजन प्रसाद थपलियाल, जीएल शाह, आरपी बड़ोनी, केदार सिंह राणा के साथ उक्रांद में शामिल हुए। उक्रांद अध्यक्ष दिवाकर भट्ट ने कहा कि उक्रांद संगठन को मजबूत किए जाने की दिशा में निरंतर प्रयास कर रहा है। इसके लिए क्षेत्रीय ताकतों को संगठित करने का निरंतर प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि भाजपा, कांग्रेस ने जिस तरह राज्य को 17 साल में लूटा है, उसके लिए राज्य की जनता दोनों राष्ट्रीय दलों को कभी माफ नहीं करेगी। राज्य के संसाधनों को बाहरी लोगों के हाथों में बेच दिया गया। राज्य में भ्रष्टाचार को बढ़ावा देने के साथ ही अनियोजित विकास को बढ़ावा दिया गया। उक्रांद इस लूट के खिलाफ पोलखोल अभियान चलाएगा।
उन्होंने सरकार पर गैरसैंण को पिकनिक स्पॉट बनाने का आरोप लगाया। कहा कि सरकार राज्य की जनता व शहीदों का अपमान कर रही है। उन्होंने कहा कि दोनों दलों की गैरसैंण को स्थायी राजधानी बनाने की मंशा नहीं है। सिर्फ भ्रम फैलाया जा रहा है। कभी गैरसैंण को ग्रीष्मकालीन राजधानी बताया जा रहा है, तो दूसरी ओर सरकार शीतकाल में सत्र आयोजित कर रही है। गैरसैंण को पूर्णकालिक राजधानी घोषित करने से बचा जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *