118 सुंदरियों के बीच से जीता मिस वर्ल्ड का ख़िताब , आलोचकों पर भी पलटवार

मुंबई। करीब 17 साल बाद भारत को विश्व सुंदरी का ताज़ दिलाने वाली हरियाणा की मानुषी छिल्लर कितनी ‘चिल’ हैं इसका सबूत उनके साथ किये गए ताज़ा मज़ाक पर मानुषी के जवाब के रूप में मिल चुका है।
दरअसल कांग्रेस सांसद शशि थरूर मानुषी की जीत को नोटबंदी से जोड़ते हुए और शब्दों का हेरफेर करते हुए छिल्लर को चिल्लर में बदल दिया था, जिस पर उनकी खूब आलोचना हुई लेकिन ट्विटर पर देश के जाने माने अंग्रेजी अख़बार के प्रमुख विनीत जैन को जवाब देते हुए मानुषी ने कहा कि एक लड़की जिसने अभी अभी दुनिया जीती हो वो इस तरह के टंग-एंड-चीक रिमार्क से अपसेट नहीं होने वाली। ‘चिल्लर’ तो बस एक छोटी सी बात है लेकिन हमें ये नहीं भूलना चाहिए कि इसी छिल्लर(चिल्लर) में ‘ चिल’ भी है। मानुषी ने अपने इस ट्विट में शशि थरूर को भी टैग किया है।
बता दें कि थरूर ने रविवार को ट्विट किया कि भाजपा का नोटबंदी का फैसला गलत था। भाजपा को यह अहसास होना चाहिए कि भारतीय कैश दुनिया पर राज करता है, यहां तक कि हमारी ‘छिल्लर’ भी मिस वर्ल्ड बन गईं। इसके बाद उनकी जमकर ट्रोलिंग शुरू हो गई। शब्दों के ताने मारने पर लोगों ने कोसा और बताया कि वो छिल्लर है चिल्लर नहीं। राष्ट्रीय महिला आयोग भी उनकी इस बात पर हरकत में आया और विवाद बढ़ता देख थरूर ने माफी मांगते हुए कहा कि टिप्पणी हल्के-फुल्के मूड में की थी और उनका इरादा किसी को अपमानित करना नहीं था।
प्रियंका चोपड़ा ने आख़िरी बार देश के लिए साल 2000 में मिस वर्ल्ड का ख़िताब जीता था और दुनिया की 118 सुंदरियों के बीच चीन के सान्या शहर में पिछले शनिवार की रात मिस इंडिया मानुषी छिल्लर ने मिस वर्ल्ड का ताज पहना। वो हरियाणा के सोनीपत शहर की रहने वाली हैं।