मोदी के आर्थिक सुधारों पर मूडीज की मुहर

देशों को क्रेडिट रेटिंग देने वाली अमेरिकी संस्था मूडीज ने सम्प्रभु देशों की रेटिंग में भारत के स्थान में सुधार करते हुए उसे ‘बीएए2’ कर दिया है। मूडीज द्वारा किया गया यह सुधार भारत के लिए बड़ा सकारात्मक कदम है।मूडीज ने 13 वर्ष के बाद भारत की क्रेडिट रेटिंग में सुधार किया है। इससे पहले वर्ष 2004 में संस्था ने भारत की क्रेडिट रेटिंग में सुधार करते हुए उसे ‘बीएए3’ किया था। वर्ष 2015 में संस्था ने भारत की क्रेडिट रेटिंग को ‘स्थिर’ से बढ़ाकर ‘सकारात्मक’ कर दिया था। ‘बीएए3’ न्यूनतम निवेश श्रेणी की रेटिंग थी जो ‘जंक’ दर्जे से थोड़ी ही ऊपर है।
मूडीज की क्रेडिट रेटिंग में सुधार की खबर पर प्रधानमंत्री कार्यालय ने खुशी जाहिर की है। प्रधानमंत्री कार्यालय की ओर से ट्वीट कर कहा गया है कि मूडीज ने यह माना है कि नरेंद्र मोदी सरकार की ओर से किए गए सुधारों से भारत में बिजनेस का माहौल बेहतर होगा, उत्पादकता बढ़ेगी। साथ ही घरेलू व विदेशी निवेश भी बढ़ेगा और देश तेजी से विकास करेगा।
मूडीज की ओर से भारत की रेटिंग में सुधार किए जाने पर चीफ इकोनॉमिक एडवाइजर अरविंद सुब्रमण्यम ने कहा कि यह स्वागत योग्य कदम है। सरकार की ओर से जीएसटी सहित उठाए गए अन्य कदमों की यह स्वीकृति है। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह ने मूडीज की रेटिंग में सुधार पर हर्ष जताते हुए कहा कि यह मोदी सरकार के गुड गवर्नेंस और सुधारों का एक और प्रमाण है।
रेटिंग एजेंसी मूडीज के भारत की रेटिंग सुधारने से उत्साहित रुपया आज शुरुआती कारोबार में 69 पैसे यानी 1.06 प्रतिशत मजबूत होकर एक सप्ताह के उच्चतम स्तर 64.63 रुपये प्रति डॉलर पर पहुंच गया। कारोबारियों ने बताया कि रुपए को निर्यातकों तथा बैंकों की डॉलर बिकवाली से भी समर्थन मिला। इसके अलावा अन्य प्रमुख मुद्राओं की तुलना में डॉलर के नरम रहने से भी इसे मजबूती मिली
रेटिंग एजेंसी मूडीज के भारत की रेटिंग सुधारने के बाद बैंकों के शेयरों में तेजी आने से आज घरेलू बाजारों ने शानदार शुरुआत की। शुरुआती कारोबार में सेंसेक्स 414 अंक की छलांग लगा कर 33,521 अंक पर पहुंच गया। निफ्टी भी 10,300 अंक के स्तर को पार कर गया। ब्रोकरों ने बताया कि सकारात्मक वैश्विक संकेतों ने भी घरेलू बाजार की धारणा मजबूत की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *