भारत में Twitter पर ज्यादा लोगों को पसंद आते हैं हिंदी में किए गए ट्वीट्स

वॉशिंगटन: भारत में लोगों को हिंदी में किए गए ट्वीट्स ज्यादा पसंद आते हैं। इस बात का खुलासा अमेरिका में की गई एक स्टडी में हुआ है। इस स्टडी को करने वालों में एक भारतीय जॉयोजीत पाल भी शामिल थे। रिपोर्ट्स के मुताबिक, मिशिगन यूनिवर्सिटी के लिज़ बोजार्थ और जॉयोजीत पाल द्वारा किए गए अध्ययन में बताया गया कि 2014 में भारत में सोशल मीडिया का परिदृश्य विकसित हुआ जब अंग्रेजी बोलने वाली शहरी आबादी ही ट्विटर पर ज्यादातर ट्वीट करती थी।

इस स्टडी में बताया गया कि अंग्रेजी की तुलना में भारत में हिंदी में किए जाने वाले ट्वीट अधिक पसंद और शेयर किए जाते हैं। इस बदलाव के बारे में इस बात से भी पता चलता है कि पिछले साल भारतीय राजनीतिज्ञों के सबसे ज्यादा री-ट्वीट किए गए 15 में से 11 ट्वीट हिंदी में थे। अध्ययन के प्रमुख लेखक और यूनिवर्सिटी के स्कूल ऑफ इन्फर्मेशन के सहायक प्रोफेसर पाल ने बताया कि भारतीय जनता पार्टी के सत्ता में आने के बाद सोशल मीडिया में यह अहम परिवर्तन देखने को मिला है क्योंकि इसके बाद अन्य पार्टियों को सोशल मीडिया की भूमिका की अहमियत पता चली है।

यूनिवर्सिटी ने कहा कि ऑनलाइन फालोइंग में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सबसे आगे हैं लेकिन जनवरी से अप्रैल 2018 के बीच कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी के ट्वीट के औसत ने दूसरे भारतीय राजनेताओं को पीछे छोड़ा है। रिसर्च के मुताबिक, 2016 के उत्तरार्ध में भाजपा और कांग्रेस के साथ-साथ क्षेत्रीय पार्टियों के हिन्दी में किए गए ट्वीट को बेहतर प्रतिक्रिया मिल रही है जबकि हिंदी और अंग्रेजी के अलावा क्षेत्रीय पार्टियों के ट्वीट को उतनी बेहतर प्रतिक्रिया नहीं मिल रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *