नमामि गंगे की 12 योजनाओं को मिली हरी झंडी

देहरादून । लंबी सुस्ती के बाद पेयजल निगम ने नमामि गंगे के तहत 12 परियोजनाओं के काम जारी कर दिए हैं। अब संबंधित कंपनियां बांड बनाने सहित बाकी औपचारिकताओं पूरा करने में जुट गई हैं। उम्मीद जताई जा रही है कि अगले महीने तक निर्माण कार्य शुरू कर दिया जाएगा।
केंद्र सरकार का महत्वाकांक्षी प्रोजेक्ट नमामि गंगे पिछले कुछ समय से अधिकारियों की सुस्त रफ्तार की भेंट चढ़ा हुआ था। पहले एनजीटी की रोक और फिर केंद्र सरकार द्वारा दो एजेंसियों को काम सौंपने के कारण इस प्रोजेक्ट को शुरू होने में एक साल से भी अधिक देरी हो गई। इसके बाद आखिर केंद्र ने पेयजल निगम को ही प्रोजेक्ट सौंपा।
हालांकि, पेयजल निगम ने एक माह पूर्व हरिद्वार में सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट और नाला टेपिंग की योजना का काम शुरू कर दिया था। लेकिन, बाकी की 20 योजनाओं पर निगम का रुख नरम था। कुछ दिन पूर्व नमामि गंगे के डायरेक्टर ने इस सुस्ती पर कड़ी आपत्ति जताई थी, जिसके बाद पेयजल निगम ने इन योजनाओं का काम संबंधित कंपनियों को जारी कर दिया।
पेयजल निगम के प्रबंध निदेशक भजन सिंह के मुताबिक नमामि गंगे की 20 में से 12 परियोजनाओं के टेंडर जारी कर दिए हैं। शीघ्र ही इन योजनाओं पर काम शुरू हो जाएगा, इसके अलावा जो योजनाएं हैं उनके कार्य भी प्रगति पर हैं।
योजना व उसका बजट
हरिद्वार 68 एमएलडी-230.32
हरिद्वार 14 एमएलडी-45.04
सराय नाला टेपिंग-31.46
जगजीतपुर नाला टेपिंग-84.82
कीर्तिनगर योजना-4.23
गोपेश्वर-61.83
नंदप्रयाग-6.46
कर्णप्रयाग-12.09
रुद्रप्रयाग-13.14
बद्रीनाथ-18.23
तपोवन-2.19
उत्तरकाशी-10.03