पर्यटन नगरी मनाली में राष्ट्र स्तरीय शरदोत्सव-2018 की तैयारियां शुरू

-विंटर कार्निवाल में होंगी 17 सांस्कृतिक विधाओं की स्पर्धाएं
-प्रशासन ने आरंभ की पांच दिवसीय राष्ट्र स्तरीय शरदोत्सव की तैयारियां
-एसडीएम ने आयोजन समिति के सरकारी व गैर सरकारी सदस्यों के साथ की बैठक
कमलेश वर्मा (परी)
कुल्लू, 18 नवबंर। मनाली के पांच दिवसीय राष्ट्र स्तरीय शरदोत्सव-2018 की तैयारियां आरंभ हो गई हैं। शरदोत्सव आयोजन समिति के उपाध्यक्ष एवं एसडीएम एचआर बेरवा ने शनिवार को समिति के सरकारी व गैर सरकारी सदस्यों के साथ बैठक करके उत्सव की तैयारियों की समीक्षा की।
बैठक में शरदोत्सव के विभिन्न प्रबंधों को लेकर विस्तार से चर्चा की गई। एसडीएम ने बताया कि आयोजन समिति इस महत्वपूर्ण उत्सव को व्यापक स्वरूप प्रदान करने के लिए कृतसंकल्प है और इसके लिए सभी आवश्यक प्रबंध किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि उत्सव के माध्यम से मनाली के पर्यटन उद्योग के विस्तार के साथ-साथ स्थानीय लोक संस्कृति के प्रचार-प्रसार और विभिन्न राज्यों के सांस्कृतिक दलों के बीच सांस्कृतिक आदान-प्रदान पर भी जोर दिया जाएगा। एसडीएम ने बताया कि लोक संस्कृति की विभिन्न विधाओं व अन्य गतिविधियों सहित कुल 17 स्पर्धाएं आयोजित की जाएंगी। इनमें स्थानीय महिला मंडलों व विभिन्न राज्यों के सांस्कृतिक दलों की झांकियां, विंटर क्वीन प्रतियोगिता, रस्साकशी, लोकनृत्य प्रतियोगिता और अन्य प्रतियोगिताएं शामिल रहेंगी। आयोजन समिति ने इस बार दर्शकों के भरपूर मनोरंजन के लिए स्टार नाईट करवाने का भी निर्णय लिया है। एसडीएम ने संबंधित विभागों व स्थानीय नगर परिषद के अधिकारियों के अलावा होटल एसोसिएशन व अन्य संस्थाओं के पदाधिकारियों से भी सभी आवश्यक प्रबंध पूरे करने की अपील की। उन्होंने बताया कि शरदोत्सव के सफल आयोजन के लिए उपसमितियों का गठन किया जा रहा है। सभी उपसमितियों के पदाधिकारी अपने-अपने स्तर पर तैयारियां आरंभ कर दें तथा स्थानीय लोगों की अधिक से अधिक भागीदारी सुनिश्चित करें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *