नेपाल ने किया चीन की परियोजना को रद्द

काठमांडू। नेपाल सरकार ने चीन की जिजुआ समूह कंपनी के साथ पनबिजली परियोजना निर्माण में अनियमितताओं को देखते हुए इस कंपनी के साथ बूढ़ी गंडक समझौते को रद कर दिया है। नेपाल के उप प्रधानमंत्री कमल थापा ने ट्विटर पर ये सूचना जारी कर कहा कि संसदीय समिति के निर्देशों के अनुसार, यह परियोजना रद कर दी गई है।
हालांकि, जब चीन की ओर से इस पर कोई टिप्पणी करने को कहा गया तो चीनी विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता के मुताबिक, उन्हें इस बारें में अभी कोई ठोस जानकारी नहीं है, नेपाल और चीन के संबंध काफी अच्छे हैं।
नेपाल में कामयाब रहा डोभाल का दांव
चीन को उसकी वन बैल्ट-वन रोड पॉलिसी पर पहले ही मुसीबत में डाल चुके देश के राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार अजीत डोभाल का दाव नेपाल में भी हिट हुआ है। गौरतलब है कि नेपाल का बॉर्डर भारत और चीन की सीमा से लगता है।
इस लिहाज से भारत और चीन के बीच नेपाल का रोल काफी अहम हो जाता है। हाल ही में डोकलाम विवाद के दौरान नेपाली पीएम शेरबहादुर देउबा ने भारत का दौरा किया था। जिस पर चीन ने भारत को आंखें दिखाई थीं।