‘धर्म सभा’ के आयोजन से मुस्लिमों में घबराहट, राष्ट्रपति से हस्तक्षेप की मांग

अलीगढ़ :  मुसलमानों की धार्मिक और सामाजिक तंजीमों के छात्र संगठन ऑल इण्डिया मुस्लिम मजलिस मुशावरात ने अयोध्या में ‘धर्म सभा’ के आयोजन तथा अन्य घटनाक्रमों पर राष्ट्रपति से तुरंत हस्तक्षेप की मांग करते हुए इस सिलसिले में उन्हें एक पत्र लिखा है. संगठन के अध्यक्ष नावेद हामिद ने राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद को लिखे पत्र में कहा कि अयोध्या में बेकाबू भीड़ का पहुंचना इस बात का स्पष्ट संकेत है कि उत्तर प्रदेश में स्थितियां किस तरफ जा रही हैं.

हामिद ने पत्र में जोर देते हुए कहा कि अगर विवादित स्थल पर यथास्थिति को किसी भी तरह से बिगाड़ने की कोशिश की गयी तो यह न्यायालय के आदेशों की घोर अवमानना ही मानी जाएगी. अयोध्या के मौजूदा हालात भारत के संविधान और उच्चतम न्यायालय के लिए सीधी चुनौती हैं.

उन्होंने पत्र में आरोप लगाया कि हजारों निर्दोष लोगों के जानमाल की सुरक्षा दांव पर लगी है और उत्तर प्रदेश सरकार सूबे में शांति कायम रखने की अपनी जिम्मेदारी के प्रति लापरवाह बनी हुई है. हामिद ने कहा कि प्रदेश सरकार राज्य के सभी नागरिकों की सुरक्षा की अपनी संवैधानिक जिम्मेदारी से भाग नहीं सकती.

इस बीच राम मं‍दिर निर्माण की मांग को लेकर विश्‍व हिंदू परिषद की धर्मसभा खत्म हुई. इसमें राम मंदिर निर्माण को लेकर आंदोलन को जारी रखने का संकल्‍प लिया गया. धर्मसभा में विश्व हिंदू परिषद के महामंत्री चंपत राय ने बड़ा बयान दिया है. उन्‍होंने कहा है कि हमारे सब्र की परीक्षा ना ली जाए. राम मंदिर पर जमीन बंटवारे का फार्मूला हमें मंजूर नहीं है. राम जन्मभूमि का बंटवारा हमें स्वीकार्य नहीं है, हमें पूरी की पूरी जमीन चाहिए.

विश्व हिंदू परिषद (विहिप) के अंतरराष्ट्रीय महामंत्री चंपत राय ने कहा कि उन्हें मंदिर के लिए जमीन के बंटवारे का फार्मूला मंजूर नहीं है और उन्हें पूरी की पूरी भूमि चाहिए. राय ने विहिप द्वारा यहां आयोजित ‘धर्म सभा‘ में कहा कि ‘‘हमें बंटवारे का फार्मूला मंजूर नहीं है. हमें (जमीन का) टुकड़ा नहीं चाहिए. राम मंदिर के लिये पूरी की पूरी भूमि चाहिए.’ उन्होंने कहा कि अयोध्या में राम मंदिर का निर्माण हर हिन्दू का सपना है और यह हर हाल में बनकर रहेगा. हालांकि राय ने बंटवारे के किसी फार्मूले का खुलासा नहीं किया.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *