विभिन्न विभागों के अधिकारी सभी विकास कार्यों को समय पर करें पूरा….यूनुस

-आपदा प्रभावित क्षेत्रों व निर्माण कार्यों के लिए स्वीकृत धनराशि भी अतिशीघ्र की जाए खर्च
कमलेश वर्मा(परी)
कुल्लू,29 नवबंर। उपायुक्त यूनुस ने विभिन्न विभागों के अधिकारियों को सभी विकास कार्यों को निर्धारित अवधि में पूरा करने के निर्देश दिए हैं। बुधवार को बचत भवन में विभिन्न विकास कार्यों, लाडा, राहत एवं अन्य विकास योजनाओं की समीक्षा बैठक की अध्यक्षता करते हुए उपायुक्त ने कहा कि ये कार्य इसी वित्तीय वर्ष में पूरे होने चाहिए, ताकि लोगों को शीघ्र ही इनका लाभ मिल सके। उन्होंने कहा कि योजना विभाग के माध्यम से स्वीकृत की गई धनराशि समय पर खर्च की जानी चाहिए और जो कार्य पूरे हो चुके हैं, उनके उपयोगिता प्रमाण पत्र 15 दिनों के भीतर विभाग के पास जमा किए जाने चाहिए। जिला में विभिन्न जलविद्युत परियोजनाओं के अंतर्गत लाडा के माध्यम से किए जा रहे कार्यों की समीक्षा करते हुए उपायुक्त ने कहा कि सभी विकास खंड अधिकारी अपने-अपने क्षेत्रों में इन कार्यों को गति प्रदान करें। उन्होंने कहा कि आपदा प्रभावित क्षेत्रों व निर्माण कार्यों के लिए स्वीकृत धनराशि को भी अतिशीघ्र खर्च करके इनके उपयोगिता प्रमाणपत्र भी जल्द जारी करें। बैठक में जिला योजना अधिकारी तेज सिंह ठाकुर ने विभिन्न विकास कार्यों का विस्तृत ब्यौरा पेश किया।