जिलों की 233 नगरीय निकायों के लिए उत्तर प्रदेश में हो रहा मतदान

उत्तर प्रदेश । उत्तर प्रदेश में शहर की सरकार चुनने को हो रहे निकाय चुनाव में आज अंतिम चरण का मतदान शुरू हो चुका है। आज 26 जिलों की 233 नगरीय निकायों के लिए वोट डाले जाएंगे। इसके साथ ही आज पांच नगर निगम में महापौर चुनने के लिए भी मतदान हो रहा है।
वेस्ट उत्तर प्रदेश में आज तीसरे तथा अंतिम चरण में बागपत, सहारनपुर और बुलंदशहर में एक-दो स्थानों पर फर्जी वोटिंग को लेकर हंगामे को छोड़ तीनों जिलों में शांतिपूर्वक मतदान जारी है। सहारनपुर में महापौर के साथ ही पालिका व नगर पंचायत अध्यक्ष व सभासद के लिए वोट डाले जा रहे हैं। बागपत व बुलंदशहर जिलों में पालिका व नगर पंचायत अध्यक्ष के लिए मतदान हो रहा है। युवाओं में वोट डालने को लेकर खासा उत्साह दिखाई दे रहा है। बागपत के अग्रवाल मंडी टटीरी में फर्जी वोट डालने को लेकर कुछ देर हंगामा हुआ। निर्दलीय प्रत्याशी ने पुलिस पर आरोप लगाए। बागपत में फर्जी वोट डालने को लेकर जमकर हंगामा हुआ । पुलिस और फर्जी वोट डाल रहे युवक में हुई हाथापाई। हाथापाई के दौरान मची अफरा तफरी।

बड़ौत क्षेत्र के वीर स्मारक इंटर कालिज में बनाए गए बूथ नंबर 23 का मामला।
दोघट में एक बूथ के बाहर नोट बांटने की सूचना पर पुलिस दौडी लेकिन वहां कुछ नहीं मिला। बागपत के बडौत में एक बूथ पर कुछ बाइक सवारों ने रालोद प्रत्याशी के पंफलेट डालकर भाग निकले। पुलिस ने तत्काल इस चुनाव सामग्री को वहां से हटवाया। सहारनपुर व बुलंदशहर में शांतिपूर्वक मतदान जारी है। बागपत में नौ बजे तक 10 फीसद मतदान हो चुका है। तीनों जिलों में पुलिस प्रशासन ने सुरक्षा के कडे इंतजाम किए हैं। ड्रोन से भी निगरानी की जा रही है। सहारनपुर के गंगोह में फर्जी वोटिंग को लेकर पुलिस ने दस लोगों को पकड़ा। यहां पर कुछ देर हंगामा भी हुआ। बुलंदशहर में हरि एन्कलेव कालोनी में वोटर लिस्ट में नाम न होने पर लोगों ने किया हंगामा।
एटा में आज आखिरी चरण की वोटिंग शुरू होते ही पहली हिंसक झड़प एटा में देखने को मिली। एटा के जलेसर थाना क़स्बा क्षेत्र में मतदाताओं को पैसे बांटने को लेकर समाजवादी पार्टी तथा भारतीय जनता पार्टी समर्थकों के बीच जमकर पत्थरबाजी हुई। इस झड़प में भाजपा विधायक संजीव दिवाकर भी घायल हो गए हैं।
लखीमपुर में नाम वोटर लिस्ट से गायब
लखीमपुर में बड़े पैमाने पर लोगों का नाम वोटर लिस्ट से गायब होने की मिल शिकायतें रही। भारत विकास परिषद की पूर्व अध्यक्ष रूपम तिवारी का नाम वोटर लिस्ट से गायब। बड़खेड़वा निवासी अध्यापिका सुरभि गुप्ता का नाम भी वोटर लिस्ट से गायब। मोहल्ला आवास विकास निवासी विवेक श्रीवास्तव जोकि नोएडा से वोट डालने आए थे उनका भी नाम वोटर लिस्ट से गायब। इसी तरह तमाम मतदान केंद्रों से लोगों का नाम वोटर लिस्ट से गायब होने की बड़ी शिकायतें पूरे शहर से प्राप्त हो रही है। अन्य नगर पालिकाओ और नगर पंचायतों से भी बड़ी संख्या में लोगों का नाम मतदाता सूची से गायब होने की शिकायतें मिल रही है।
जौनपुर में फर्जी मतदान
जौनपुर के शाहगंज तहसील मुख्यालय मतदान केंद्र पर फर्जी मतदान करने के लिए आए दो बाहरी लोग पकड़ाए। पुलिस ने हिरासत में लिया। एक प्रत्याशी के पक्ष में फर्जी मतदान के प्रयास को लेकर विरोधी प्रत्याशियों में रोष। प्रशासन पर लगा रहे पक्षपात का आरोप।
प्रदेश के तीसरे चरण में 94 लाख मतदाता 28135 प्रत्याशियों की किस्मत का फैसला करेंगे। मतदान सुबह साढ़े सात बजे से शुरू हो गया है जो कि शाम पांच बजे तक होगा।दूसरे चरण के मतदान के दौरान मतदाता सूची के साथ ही ईवीएम में खराबी के कारण इस चरण में जिला प्रशासन की टीमें किसी भी गड़बड़ी से निपटने को पूरी तरह से मुस्तैद हैं।
तीसरे चरण में पांच नगर निगम, 76 नगर पालिका परिषद व 152 नगर पंचायतों के लिए मतदान हो रहा है। सभी जगह मतदान की सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। अंतिम चरण के लिए 3599 मतदान केंद्र व 10817 मतदेय स्थल बनाए गए हैं।
पांच नगर निगमों के लिए मतदान
पांच नगर निगमों में सहारनपुर, मुरादाबाद, बरेली, फीरोजाबाद व झांसी हैं। इनमें मेयर पद के लिए 74 प्रत्याशी चुनाव मैदान में हैं। नगर निगमों में पार्षदों के 350 पद के लिए 3175 उम्मीदवार चुनाव मैदान में हैं। नगर पालिका परिषद में अध्यक्ष के 76 पद पर 914 उम्मीदवार हैं। इसी प्रकार सदस्यों के 2002 पदों के लिए 11637 उम्मीदवार अपनी किस्मत आजमा रहे हैं। नगर पंचायतों पर नजर डाली जाए तो 152 पदों के लिए 1711 प्रत्याशी चुनाव मैदान में हैं। इसमें सदस्यों के 1947 पद हैं। इसमें भी 10624 प्रत्याशी खड़े हैं।
पांच नगर निगमों के लिए मतदान
पांच नगर निगमों में सहारनपुर, मुरादाबाद, बरेली, फीरोजाबाद व झांसी हैं। इनमें मेयर पद के लिए 74 प्रत्याशी चुनाव मैदान में हैं। नगर निगमों में पार्षदों के 350 पद के लिए 3175 उम्मीदवार चुनाव मैदान में हैं। नगर पालिका परिषद में अध्यक्ष के 76 पद पर 914 उम्मीदवार हैं। इसी प्रकार सदस्यों के 2002 पदों के लिए 11637 उम्मीदवार अपनी किस्मत आजमा रहे हैं। नगर पंचायतों पर नजर डाली जाए तो 152 पदों के लिए 1711 प्रत्याशी चुनाव मैदान में हैं। इसमें सदस्यों के 1947 पद हैं। इसमें भी 10624 प्रत्याशी खड़े हैं।
मेयर पद के लिए सबसे अधिक 22 प्रत्याशी
अपर निर्वाचन आयुक्त वेद प्रकाश वर्मा ने बताया कि बरेली में मेयर पद के लिए सबसे अधिक 22 प्रत्याशी मैदान में हैं। पार्षदों में सबसे अधिक प्रत्याशी बरेली के वार्ड संख्या 13 शांति विहार में 32 उम्मीदवार अपनी किस्मत आजमा रहे हैं। झांसी की समथर नगर पालिका परिषद में अध्यक्ष पद के सबसे अधिक 32 प्रत्याशी चुनाव मैदान में हैं। जबकि सदस्यों में बागपत के बड़ौत नगर पालिका के वार्ड संख्या चार में सबसे अधिक 21 प्रत्याशी चुनाव लड़ रहे हैं। नगर पंचायतों में देखा जाए तो अध्यक्ष पद पर सबसे अधिक मुरादाबाद की पाकबड़ा नगर पंचायत में 33 उम्मीदवार हैं। सदस्यों में मऊ के चिरैयाकोट नगर पंचायत के वार्ड संख्या 14 से सबसे अधिक 18 प्रत्याशी चुनाव मैदान में हैं।
15 सदस्य निर्विरोध निर्वाचित
तीसरे चरण के चुनाव में 15 सदस्य ऐसे हैं जो निर्विरोध चुन लिए गए हैं। इनमें नगर पालिका परिषद के आठ सदस्य हैं, जबकि सात सदस्य नगर पंचायतों के हैं। सदस्यों के एक-एक प्रत्याशी होने के कारण यहां चुनाव कराने की नौबत नहीं आई।
1155 बूथों की होगी वेबकास्टिंग
राज्य निर्वाचन आयोग तीसरे चरण के चुनाव में अति संवेदनशील प्लस 1155 पोलिंग बूथों की वेबकास्टिंग करा रहा है। इसकी सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। यहां जरा सी गड़बड़ होने पर तत्काल जिले के कंट्रोल रूम के साथ ही राज्य निर्वाचन आयोग के कंट्रोल रूम तक सूचना पहुंच जाएगी।
पांच नगर निगमों के चुनाव में लगेंगी पांच हजार ईवीएम
तीसरे चरण में हो रहे पांच नगर निगमों के चुनाव में कुल पांच हजार ईवीएम लगाई जा रही हैं। इनके अलावा एक हजार से अधिक ईवीएम अतिरिक्त दी गईं हैं।
चप्पे-चप्पे पर फोर्स तैनात
तीसरे चरण के मतदान में चप्पे-चप्पे पर पुलिस तैनात । राज्य निर्वाचन आयोग ने सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए हैं। मतदान वाले जिलों में 40 कंपनी सेंट्रल पैरा मिलिट्री फोर्स दी गई है। इसके अलावा 71 कंपनी पीएसी भी तैनात की गई है। मतदान में गड़बड़ी करने वालों पर तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं। आयोग ने सहारनपुर, बागपत, बुलंदशहर, मुरादाबाद, संभल, बरेली, फीरोजाबाद, कन्नौज, रायबरेली व जौनपुर जिले में विशेष नजर रखने के लिए कहा गया हैं।
यूपी के इन ज़िलों में पड़ेंगे वोट
सहारनपुर, बागपत, बुलंदशहर, मुरादाबाद, संभल, बरेली, एटा, फीरोजाबाद, कन्नौज, औरैया, कानपुर देहात, झांसी, महोबा, फतेहपुर, रायबरेली, सीतापुर, लखीमपुर खीरी, बाराबंकी, बलरामपुर, सिद्धार्थनगर, महराजगंज, कुशीनगर, मऊ, चन्दौली, जौनपुर व मीरजापुर ।