31 मार्च तक लाईसेंस ऑनलाइन करें शस्त्रधारी
कमलेश वर्मा(परी)
कुल्लू, 07 दिसंबर। कुल्लू जिले के सभी शस्त्र लाईसेंस धारकों की जानकारी नडाल (नैशन डाटाबेस ऑफ आम्र्स लाईसेंस) साफ्टवेयर के तहत अपलोड की जा रही है। इस साफ्टवेयर के माध्यम से सभी शस्त्र लाईसेंस धारकों को विशिष्ट पहचान नंबर से जोड़ा जा रहा है। अतिरिक्त उपायुक्त राकेश शर्मा ने यह जानकारी देते हुए बताया कि प्रदेश सरकार ने लाईसेंसी शस्त्रधारियों को ऑनलाइन करने के लिए 31 मार्च 2018 तय की है। इस योजना के तहत जिला कुल्लू के सभी शस्त्र लाईसेंस को ऑनलाइन किया जा रहा है। ऐसे में वे सभी लोग जिन्होंने शस्त्र लाईसेंस बना रखे है और अभी तक विशिष्ट पहचान नंबर से नहीं जोड़ा है वो 31 मार्च 2018 से पूर्व मूल शस्त्र लाईसेंस सहित अतिरिक्त जिला दंडाधिकारी से इसकी औपचारिकता को पूरी कर लें। इसके अतिरिक्त उपमंडल आनी के अंतर्गत आने वाले सभी शस्त्र लाईसेंस धारक अपने मूल शस्त्र लाईसेंस सहित विशिष्ट पहचान नंबर उपमंडल अधिकारी आनी के कार्यालय में जाकर ऑनलाइन कर लें। 31 मार्च के बाद कोई भी शस्त्र लाईसेंस बिना विशिष्ट पहचान नंबर के वैध नहीं होगा।