मधुमेह दिवस पर कार्यक्रम आयोजित
कमलेश वर्मा (परी)कुल्लू, 14 नवंबर। जिला स्तरीय विश्व मधुमेह दिवस का आयोजन क्षेत्रीय अस्पताल के सभागार में किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. सुशील चंद्र शर्मा ने की। उन्होंने प्रोजेक्टर के माध्यम से मधुमेह के कारण, बचाव और उपचार के बारे में विस्तृत जानकारी दी। इस वर्ष की थीम महिलाएं और मधुमेह-स्वस्थ भविष्य हमारा अधिकार पर चर्चा की गई। इस दौरान जिला के वरिष्ठ नागरिकों, सेवानिवृत कर्मचारियों के अतिरिक्त एएनएम प्रशिक्षण स्कूल गांधी नगर के प्रशिक्षुओं ने भाग लिया। मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने बताया कि अच्छी स्वास्थ्य सुवधिाएं न मिलने और हार्मोन संबंधी कारणों से महिलाएं इस बीमारी की शिकार ज्यादा होने लगी है। इस समय दुनिया की 19.9 करोड़ महिलाएं मधुमेह की मरीज है। इस बीमारी को यदि बढऩे से नहीं रोका गया तो वर्ष 2040 तक 31.3 करोड़ महिलाएं इसकी चपेट में आ सकती है। उन्होंने बताया कि क्षेत्रीय अस्पताल कुल्लू में वरिष्ठ नागरिकों के हितों को ध्यान में रखते हुए प्रत्येक शुक्रवार को कमरा नंबर 108 में उनके उपचार के साथ मेडिकल रिवर्समेंट के बिलों इत्यादि को भी अभिप्रमाणित किया जाएगा। इसके अतिरिक्त इस अस्पताल में 0-18 वर्ष तक के मधुमेह रोगियों को निशुल्क इंसुलिन दी जाती है। प्रतिभागियों को जिला कार्यक्रम अधिकारी डॉ. राकेश ठाकुर और जनशिक्षा एवं सूचना अधिकारी देवेंद्र गौड़ ने भी संबोधित किया। इस अवसर पर प्रशिक्षण स्कूल को प्रिंसीपल योगराज के अतिरिक्त प्रेम चंद ठाकुर सेसराम ठाकुर, होशियार सिंह जंवाल, मनमोहन शर्मा सहित अन्य वरिष्ठ नागरिक उपस्थित रहे।