भारतीय सीमा में कई मीटर अंदर दाखिल हुआ पाक हेलिकॉप्टर, बीएसफ ने दिया करारा जवाब
श्रीनगर : जम्मू-कश्मीर के पुंछ जिले में नियंत्रण रेखा के समीप एक पाकिस्तानी हेलीकॉप्टर ने हवाई क्षेत्र का उल्लंघन किया है। डिफेंस प्रवक्ता लेफ्टिनेंट कर्नल देवेंद्र आनंद ने बताया, रविवार दोपहर करीब सवा 12 बजे पुंछ जिले में भारतीय सीमा में घुस आया। हेलीकॉप्टर जम्मू-कश्मीर के कृष्णा घाटी के पास लाइन ऑफ कंट्रोल के पास देखा गया। आतंकवाद के मसले पर अंतरराष्ट्रीय फोरम संयुक्त राष्ट्र संघ में बेनकाब हुए पाकिस्तान ने सीमा पार से एक बार फिर दुस्साहस करने की कोशिश की है।
पाकिस्तान ने इस बार भारत के एयरस्पेस का अतिक्रमण किया है। एक विडियो सामने आया है जिसमें पाकिस्तान का एक हेलिकॉप्टर भारतीय सीमा के अंदर दाखिल होता देखा जा सकता है। रिपोर्ट्स के मुताबिक भारतीय सेना ने हेलिकॉप्टर को देखकर जवाबी कार्रवाई में कुछ राउंड्स फायरिंग भी की। फिर यह वापस चला गया। भारतीय एयरस्पेस में पाकिस्तान के उल्लंघन से एक बार फिर तनाव गहरा गया है।
पुंछ के गुलपुर सेक्टर में दोपहर करीब 12:30 बजे यह हेलिकॉप्टर भारत की सीमा के अंदर देखा गया। यह भारतीय सीमा के कई मीटर अंदर तक दाखिल हो गया था। विडियो में सुरक्षाबलों की ओर से चलाए गए गन शॉट्स की आवाजें भी सुनी जा सकती हैं। बता दें कि यह इलाका घुसपैठ को लेकर काफी संवेदनशील माना जाता है। जितनी ऊंचाई पर यह हेलिकॉप्टर उड़ रहा था उससे आशंका जताई जा रही है कि यह इलाके की रेकी करने आया था। बताया गया है कि नियमों के अनुसार रोटर वाला कोई जहाज नियंत्रण रेखा के 1 किलोमीटर नजदीक नहीं आ सकता जबकि बिना रोटर का कोई प्लेन सीमा के 10 किलोमीटर नजदीक नहीं आ सकता।
संयुक्त राष्ट्र महासभा में भारत की विदेश मंत्री सुषमा स्वराज के तीखे तेवर से बौखलाकर पाकिस्तान ने ऐसा कदम उठाया है। बता दें कि सुषमा ने अपने संबोधन में सुषमा ने कहा कि पाक ऐसा पड़ोसी देश है जिसे आतंकवाद फैलाने के साथ-साथ अपने किए को नकारने में भी महारथ हासिल है। पाकिस्तान को आतंकवादियों की सुरक्षित पनाहगाह बताते हुए सुषमा ने कहा कि 26/11 का मास्टरमाइंड हाफिज सईद अबतक खुला घूम रहा है।