पैंथर्स, जगुआर और राइनो की टीम ने सेमीफाइनल में रखा कदम

देहरादून । पैंथर्स, राइनो और जगुआर की टीम ने अपने-अपने मैच जीतकर प्रथम अजय गौतम मेमोरियल क्रिकेट टूर्नामेंट के सेमीफाइनल में प्रवेश कर लिया। प्रतियोगिता उत्तरांचल प्रेस क्लब की ओर से पुलिस लाइन में आयोजित की जा रही है।
टूर्नामेंट में पहले मैच में जगुआर ने राइनो को चार विकेट से हराया। राइनो ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 99 रन बनाए। जिसमें संजय नेगी ने नाबाद 46, प्रदीप फस्र्वाण ने 15 रनों का योगदान दिया। जगुआर के मनोज जयाड़ा ने हैट्रिक पूरी कर कुल पांच विकेट चटकाए। जवाब में बल्लेबाजी करने उतरी जगुआर ने जीत का लक्ष्य चार विकेट शेष रहते हासिल कर लिया।
किशोर ने 26, अंकित ने 20 रन बनाए। राइनो के लिए चेतन गुरुंग और राजीव गुप्ता ने दो-दो विकेट लिए। दूसरे मैच में पैंथर्स ने लायंस पर 58 रन से बड़ी जीत हासिल कर अंतिम चार में प्रवेश किया। पैंथर्स की टीम ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में नौ विकेट खोकर 177 रन बनाए। विजय जोशी ने नाबाद 54 रनों की धुआंधार पारी खेली, जबकि प्रवीन बहुगुणा ने 23, रविंद्र बड़थ्वाल ने 17 रनों का योगदान दिया।
लायंस की ओर से राजेश जुयाल ने तीन विकेट झटके। जवाब में बल्लेबाजी करने उतरी लायंस की टीम 119 रनों पर ही ऑलआउट हो गई। अभय कैंतुरा ने 44, अजय भट्ट ने 36 रनों की निजी पारी खेली। पैंथर्स के कप्तान विकास गुसाईं तीन विकेट लेने में सफल रहे। दो मैच जीतकर पैंथर्स सेमीफाइनल में पहुंच गई।
तीसरा मैच जगुआर और लैपर्ड के बीच हुआ। प्रवीन डंडरियाल के नेतृत्व वाली लैपर्ड की टीम 91 रन पर आल आउट हो गई। जवाब में जगुआर ने बगैर कोई विकेट खोए लक्ष्य को हासिल कर लिया। इससे जगुआर ने भी सेमीफाइनल में प्रवेश कर लिया। लैपर्ड पर जगुआर की जीत से राइनो को भी फायदा मिला और यह टीम भी सेमीफाइनल में पहुंच गई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *