खेलो को केंद्र सरकार की सौगात , उत्तराखंड में स्थापित होगी नेशनल स्पोर्ट्स यूनिवर्सिटी

देहरादून। प्रदेश में रहने वालो के लिए एक खुशखबरी है जहाँ उत्तराखंड को अगले साल तक नेशनल स्पोर्ट्स यूनिवर्सिटी मिलने की पूरी संभावनाएं हैं। मणिपुर में संचालित की जा रही नेशनल स्पोर्ट्स यूनिवर्सिटी के कुलपति देहरादून के स्पोर्ट्स कॉलेज में उपलब्ध सुविधाओं से संतुष्ट नजर आए।
एंटी डोपिंग सेमिनार में पहुंचे नाडा के महानिदेशक नवीन अग्रवाल नेशनल स्पोर्ट्स यूनिवर्सिटी, मणिपुर के कुलपति भी हैं। सेमिनार से पहले नवीन अग्रवाल ने स्पोर्ट्स कॉलेज परिसर के साथ-साथ अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम में उपलब्ध सुविधाओं का निरीक्षण किया। स्पोर्ट्स कॉलेज के प्रभारी प्रधानाचार्य राजेश ममगाईं ने बताया कि अग्रवाल ने नवनिर्मित बहुद्देश्यीय क्रीड़ा हॉल, सिंथेटिक एथलेटिक ट्रैक, हॉकी एस्ट्रोटर्फ, आइस रिंक समेत तमाम बिल्डिंग का निरीक्षण किया।
चूंकि, यूनिवर्सिटी की एक शाखा उत्तर भारत में भी खोली जानी है, जिसके लिए उत्तराखंड की ओर से पूर्व में केंद्र सरकार को प्रस्ताव भेजा जा चुका है। उत्तराखंड के साथ मोहाली को भी प्रस्तावित सूची में रखा गया है। ममगाईं के अनुसार अग्रवाल ने उन्हें आश्वासन दिया है कि वे केंद्र में उत्तराखंड में यूनिवर्सिटी की शाखा खोलने के लिए अपनी ओर से पुरजोर पैरवी करेंगे।
आपको बता दें कि उत्तराखंड सरकार की ओर से देहरादून के स्पोर्ट्स कॉलेज और हल्द्वानी स्थित इंदिरा गांधी अंतर्राष्ट्रीय स्पोर्ट्स कांप्लेक्स में विवि खोलने का प्रस्ताव पूर्व में भी केंद्र सरकार को भेजा जा चुका है। साथ ही पिछले दिनों केंद्रीय राज्य खेलमंत्री राज्यवर्धन सिंह राठौर के साथ शिष्टाचार भेंट के दौरान मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत ने भी उत्तराखंड में स्पोर्ट्स यूनिवर्सिटी की शाखा खोलने पर चर्चा की थी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *